Headlines

बांका में कुएं से मिला लापता युवक का शव:परिजनों ने 3 युवकों पर मर्डर का आरोप लगाया




बांका के सुईया थाना क्षेत्र में पांच दिनों से लापता 21 साल के युवक का शव गुरुवार की शाम गांव के ही एक कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जरूवा गांव निवासी छोटन गोस्वामी के पुत्र दशरथ गोस्वामी के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने गांव के ही पिंकू गोस्वामी, लक्ष्मण गोस्वामी और कमलदेव गोस्वामी पर दशरथ को घर से बुलाकर हत्या करने और शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। हालांकि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना कैसे हुई है परिजन द्वारा भी स्पष्ट जानकारी अभी तक नहीं दिया गया है। बड़ी संख्या में मौके पर लोग जुटे जानकारी के अनुसार दशरथ रविवार की रात अबरखा स्थित अपनी दुकान से बाइक लेकर घर पहुंचा था। सोमवार की सुबह परिजनों ने जब उसे फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। घर पहुंचकर देखा तो उसकी बाइक और चप्पल घर पर ही थे, लेकिन दशरथ गायब था। इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को पिता छोटन गोस्वामी ने सुईया थाना में पुत्र के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस पर परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया गुरुवार को घटना के पांचवें दिन गांव के कुछ ग्रामीणों की नजर कुएं में पड़े शव पर पड़ी। शव देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पहचान होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शव बरामद होने के बाद परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सोमवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद युवक की खोजबीन में गंभीरता नहीं बरती गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रेड जारी वहीं पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि नामजद युवकों ने दशरथ को घर से बुलाया था और इसके बाद उसकी हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया। फिलहाल घटना की वास्तविक वजह और युवक की मौत कैसे हुई, इसका स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष कन्हैया झा ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजन के फर्द बयान के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *