![]()
अररिया-फारबिसगंज फोरलेन पर मुरबल्ला चौक के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डिवाइडर से बाइक टकराने के कारण एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद फोरलेन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से एनएचएआई की एंबुलेंस से घायल महिलाओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा गया। जानकारी के अनुसार, कुर्साकांटा प्रखंड के हरिरा-बलचंदा गांव से बाइक सवारों का एक जत्था मनिहारी से गंगा जल लेकर बाबा सुन्दरनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए निकला था। जत्थे की अधिकांश बाइकें आगे निकल चुकी थीं, जबकि दो बाइकें पीछे रह गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे आ रही एक तेज रफ्तार बाइक मुरबल्ला चौक पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में हरिरा-बलचंदा गांव निवासी 35 वर्षीय बाइक चालक देबू महतो की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी शोभा देवी घायल हो गईं। इसी दौरान, उनके साथ चल रही दूसरी बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त बाइक से टकरा गई। इस बाइक पर बैठी महिला ने भी संतुलन खो दिया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। ग्रामीणों ने तत्काल तीनों घायलों को सदर अस्पताल, अररिया पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद देबू महतो को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी शोभा देवी और उसी गांव के मनोज महतो की पत्नी सोनी देवी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। देबू महतो की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है व मामले की जांच में जुट गई है। यातायात थाना के प्रभारी थानेदार खुशबू कुमारी ने बताया की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने से एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।यातायात पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
Source link
फोरलेन पर बाइक डिवाइडर से टकराई, युवक की मौत:अररिया के मुरबल्ला चौक के पास हादसा, 2 घायल; NHAI की एंबुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल
