Headlines

सीवान में तीन बच्चों की डूबकर मौत:जेसीबी से खोदे गड्ढे में नहाने गए थे 8-10 बच्चे; बारिश का पानी भरा था




सीवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के खोदाईबारी गांव में दर्दनाक हादसे में तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। तीनों किशोर जेसीबी से खोदे गए गहरे गड्ढे में जमा बारिश के पानी में नहाने गए थे। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार को जनाजे की नमाज के बाद तीनों को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। मृतकों की पहचान खोदाईबारी गांव निवासी फहीमुद्दीन अंसारी के 12 वर्षीय पुत्र इमरान अंसारी, मोनू हुसैन के 11 वर्षीय पुत्र तौफीक अहमद और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छाप गांव निवासी इंसाद अंसारी के 12 वर्षीय पुत्र आदिल अंसारी के रूप में हुई है। तीनों को डूबता देख अन्य बच्चों ने शोर मचाया
बताया जाता है कि करीब आठ से दस बच्चे शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल के समीप जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में नहा रहे थे। बारिश के कारण गड्ढे में पानी भर गया था और उसकी गहराई काफी अधिक थी। नहाने के दौरान इमरान, तौफीक और आदिल अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। तीनों को डूबता देख अन्य बच्चों ने शोर मचाया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई। गहरे गड्ढे में बारिश का पानी जमा था बताया गया कि आदिल शनिवार सुबह ही अपने नाना के घर खोदाईबारी आया था। शाम को वह अन्य बच्चों के साथ गड्ढे में नहाने चला गया। कुछ ही देर बाद हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। हुसैनगंज थाना प्रभारी मोहन प्रसाद सिंह ने बताया कि गहरे गड्ढे में बारिश का पानी जमा था, जिसमें नहाने के दौरान तीनों किशोर डूब गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी ली। परिजनों की इच्छा के अनुसार शवों का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और रविवार को तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *