Headlines

बिस्फी में पिकअप की टक्कर से युवक की मौत:भैरवा गांव में 19 वर्षीय आदिल ने अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम




बिस्फी थाना क्षेत्र के भैरवा गांव में शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में 19 वर्षीय मोहम्मद आदिल की मौत हो गई। आदिल की बाइक को एक पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी थी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, भैरवा गांव निवासी मोहम्मद छोटू के पुत्र मोहम्मद आदिल अपनी बाइक से अकेले जा रहे थे। इसी दौरान एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आदिल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आदिल को तत्काल अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मोहम्मद आदिल अपने माता-पिता के सात बच्चों में सबसे छोटे थे और मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करते थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था सुधारने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। बिस्फी थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि हादसे के समय बाइक पर आदिल के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था। दुर्घटना के कारणों और पिकअप वाहन व उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *