Headlines

Punjab Chandigarh top 10 news; Charanjit Singh Channi MA exam | sikh riots convict death


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर सिख विरोधी दंगों के दोषी सज्जन कुमार की जेल में मौत से जुड़ी रही। कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार 8 साल से तिहाड़ जेल में बंद थे; 2 केस में वह बरी हो गए थे, जबकि 2 में उन्हें सजा सुनाई गई थी।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. पूर्व विधायक की फाइव स्टार होटल में रेड, सैलून-2 फ्लोर के रूम सील

लुधियाना के फाइव स्टार होटल पार्क प्लाजा में बैंक ने पुलिस के साथ रेड की। सूत्रों के मुताबिक टीम ने होटल के सैलून के साथ दो फ्लोर 7 व 8 के कमरे सील कर दिए हैं। सुबह से बैंक व पुलिस के आला अफसर होटल के अंदर मौजूद हैं, जबकि होटल के गेट पर पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।

पार्क प्लाजा में रेड कारण बैंक लोन बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार होटल पर करोड़ों रुपए का बैंक लोन और इसको लेकर बैंक के साथ विवाद है। कोर्ट ने पार्क प्लाजा प्रबंधन को चार बार नोटिस जारी किए थे, लेकिन होटल प्रबंधन की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद आज कोर्ट की टीम के साथ बैंक अधिकारी होटल पहुंचे।

यह होटल कांग्रेस के पूर्व विधायक जस्सी खंगूड़ा का है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद खंगूड़ा कांग्रेस छोड़कर AAP में शामिल हो गए थे। इसके बाद उन्होंने फिर से AAP को अलविदा किया और कांग्रेस में शामिल हो गए। अभी वह मलेरकोटला जिले की अमरगढ़ सीट से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

2. पूर्व CM चन्नी ने PU में एग्जाम दिया, नॉर्मल स्टूडेंट की तरह पेपर लिखते दिखे

पंजाब के पूर्व CM व जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी गुरुवार को पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में एग्जाम देने पहुंचे। चन्नी पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में MA कर रहे हैं। उनका एग्जाम दोपहर साढ़े 12 बजे तक था। पेपर लिखकर वह एग्जाम हॉल से बाहर आते दिखे।

उन्होंने कहा कि वह रात केवल 3 घंटे सोए। बुधवार रात 2 बजे तक पढ़ाई की। इसके बाद गुरुवार सुबह 5 बजे उठ गए और एग्जाम सेंटर जाने की तैयारी में जुट गए। इससे पहले एग्जाम हॉल से चन्नी की फोटो सामने आई, जिसमें वह स्टूडेंट्स के बीच में अपना पेपर सॉल्व करते नजर आए। चन्नी की सिक्योरिटी समेत दूसरे स्टाफ को एग्जाम हॉल से बाहर रखा गया था।

चरणजीत चन्नी की उम्र 63 साल है। वह पंजाब यूनिवर्सिटी से बीए और एलएलबी, आईके गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी से एमबीए कर चुके हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में PhD भी की थी। एग्जाम की वजह से चन्नी बुधवार को दिल्ली में हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की मीटिंग में भी शामिल नहीं हुए थे। (पढ़ें पूरी खबर)

3. कल पंजाब बंद का ऐलान, कई स्कूलों में छुट्‌टी का ऐलान

बंदी सिखों की रिहाई, जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने और 15 अगस्त को मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में कौमी इंसाफ मोर्चा ने 21 अगस्त (शुक्रवार) को पंजाब बंद रखने का ऐलान किया है।

मोर्चे ने सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक राज्य के सभी बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, स्कूल-कॉलेजों और सड़क व रेल यातायात को बंद करने का ऐलान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब के सभी मार्गों पर यातायात पूरी तरह से बंद रखा जाएगा।

उधर, कौमी मोर्चा के इस बंद को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC), शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर), अकाली दल (वारिस पंजाब दे), दल खालसा, हवारा कमेटी सहित विभिन्न पंथक, किसान-मजदूर और सामाजिक संगठनों का समर्थन मिला है। SGPC ने अपने सभी शैक्षणिक संस्थानों और दफ्तरों को 21 अगस्त को बंद रखने की घोषणा की है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. युवक को बर्थडे के दिन गोली मारी, दोस्तों को पार्टी देने जा रहा था

अमृतसर में स्कूटी सवार बदमाशों ने बर्थडे बॉय को गोली मार दी। जिस वक्त फायरिंग हुई, युवक एक्टिवा पर जा रहा था। घर में केक काटने के बाद वह दोस्तों को पार्टी देने के लिए होटल जा रहा था। तभी पीछे से आए बदमाशों ने गोलियां चला दीं। इनमें से एक गोली युवक की जांघ पर लगी। जिससे वह स्कूटी से नीचे गिर पड़ा। गोली लगने के बाद गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिजनों के मुताबिक घायल युवक ने छोटे भाई पर हुए हमले का विरोध किया था। जिस वजह से ये वारदात हुई। पुलिस ने मौके से एक खोल बरामद कर लिया है। अब घायल युवक के बयान लेकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है।

गली में रहने वाले युवक प्रभ को अमित (20) ने अपना भाई बनाया हुआ है। परिवार का कहना है कि बुधवार रात को गोशा और उसके साथी प्रभ की पिटाई कर रहे थे। इसी दौरान अमित मौके पर पहुंचा और प्रभ को उनसे छुड़वाया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच थोड़ी-बहुत बहसबाजी भी हुई। (पढ़ें पूरी खबर)

5. SGPC की बसों में तोड़फोड़, CCTV में दिखे हमलावर

अमृतसर की हेरिटेज स्ट्रीट पर संगत के लिए चल रही SGPC की एसी बसों को बुधवार देर रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच नुकसान पहुंचाया गया। एक बस के चार और दूसरी के दो शीशे टूटे मिले। शीशों पर गोली चलने जैसे निशान भी मिले हैं, हालांकि पुलिस ने अभी गोली चलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान हो सके। मौके से मिले अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है।

SGPC ने बसों को नुकसान पहुंचाने की घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। राहत की बात है कि घटना में किसी यात्री या श्रद्धालु को चोट नहीं आई। ये बसें श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलाई जाती हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

6. सिख विरोधी दंगों के दोषी की जेल में मौत

दिल्ली में 1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषी पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार की मौत हो गई है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल लाया गया था, जहां अस्पताल सूत्रों ने उन्हें मृत घोषित किए जाने की जानकारी दी।

सज्जन कुमार कांग्रेस के पूर्व सांसद और दिल्ली के बड़े राजनीतिक नेताओं में शामिल रहे थे। 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों में उनका नाम प्रमुखता से सामने आया। दिल्ली हाईकोर्ट ने दिसंबर 2018 में उन्हें एक मामले में आपराधिक साजिश और अन्य अपराधों का दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। यह मामला दिल्ली कैंट इलाके में एक परिवार के पांच सिख सदस्यों की हत्या और गुरुद्वारे को जलाने से जुड़ा था।

फरवरी 2025 में दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने 1984 दंगों के एक अन्य मामले में भी सज्जन कुमार को दो सिखों की हत्या का दोषी ठहराया और उम्रकैद की सजा सुनाई। यह मामला सरस्वती विहार इलाके में जसवंत सिंह और उनके बेटे तरुणदीप सिंह की हत्या से जुड़ा था।

7. निगम मीटिंग में जलभराव पर हंगामा, मेयर बोले- मशीनें क्या धूपबत्ती के लिए रखी

चंडीगढ़ नगर निगम की बैठक में जलभराव के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। मेयर सौरभ जोशी ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि बारिश के दौरान वह खुद जाम में फंस गए थे, लेकिन लोगों से लिफ्ट लेकर मौके पर पहुंच गए, जबकि अधिकारी नहीं पहुंचे। उन्होंने सवाल किया कि करोड़ों की मशीनें क्या धूपबत्ती करने के लिए रखी हैं।

बैठक के बाद 18 अगस्त की करीब दो घंटे की बारिश से हुए जलभराव को लेकर AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता राफ्टिंग बोट लेकर पहुंचे और भाजपा व निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।

AAP नेताओं ने कहा कि जब निगम जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त होने का दावा करता है तो बारिश में सड़कें क्यों डूब जाती हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और AAP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। नेताओं ने जलभराव के लिए निगम की मशीनरी और अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया। (पढ़ें पूरी खबर)

8. केमिकल से भरे ट्रक में लगी आग, दूर तक दिखाई दी लपटें

लुधियाना के मोती नगर इलाके में केमिकल से भरे ट्रक में आग लग गई। बताया जा रहा है कि ट्रक ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आ गया, जिससे निकली चिंगारी से केमिकल ने आग पकड़ ली। आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग से आसपास के घरों के बिजली मीटर भी जल गए। लोगों के मुताबिक, कुछ घरों में दरारें आई हैं। घटना के समय घरों में मौजूद लोगों को पीछे के रास्ते से सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फायर सब ऑफिसर राजन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर विदेश से…

9. कनाडा में पंजाबी युवती की मौत, पिता बोले- बेटी को विदेश भेजने पर अफसोस

कनाडा में एक पंजाबी युवती की हार्ट अटैक से मौत हो गई। युवती फरीदकोट की रहने वाली थी और कनाडा के विनिपेग शहर में बांग्लादेश की मूल निवासी एक युवती के साथ रहती थी। वह 4 साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गई थी।

उसकी पढ़ाई पूरी हो चुकी थी और उसने PR के लिए आवेदन भी किया हुआ था। मंगलवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। परिवार को उस बांग्लादेशी युवती ने ही सूचित किया था।

बेटी को खोने के गम में पिता डॉ. जरनैल सिंह ने विदेश भेजने के फैसले पर अफसोस जताया। वहीं, ग्रामीणों ने युवती का शव भारत लाने के लिए परिवार की आर्थिक मदद करने की अपील की है। युवती की पहचान 24 ‌वर्षीय अनमोलदीप कौर के रूप में हुई है। वह गांव डोड की रहने वाली थी। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके..

10. स्कूलों पर AAP को घेरने निकले BJP सांसद खुद फंसे

सरकारी स्कूलों की हालत पर पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को घेरने BJP खुद ही फंस गई जब उसके राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की ओर से पोस्ट किया गया वीडियो 8 साल पुराना निकला।

AAP छोड़कर BJP में गए पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने 19 अगस्त की शाम 7.34 बजे प्रदीप भंडारी नामक यूजर के अकाउंट से पोस्ट वीडियो को रीपोस्ट किया। प्रदीप भंडारी ने ये वीडियो हरभजन के रिपोस्ट करने से सिर्फ एक मिनट पहले, 7.33 बजे पोस्ट किया था। उनके इस वीडियो में दावा किया गया कि पंजाब के सरकारी स्कूल में खुले लेडीज टॉयलेट हैं। टीचर नहीं हैं और बेंच टूटे हैं।

हरभजन ने भंडारी के वीडियो को रिपोस्ट करते हुए लिखा- भाई साहब, इतना सच मत बोलो। नहीं तो पेड ट्रोलर्स इसे भी राजस्थान का वीडियो बता देंगे। इसके बाद पंजाब के शिक्षामंत्री हरजोत सिंह बैंस सामने आए और कहा कि कुछ लोगों को पंजाब को बदनाम करने में मजा आता है। बैंस ने कहा- हरभजन ने जो वीडियो रीपोस्ट किया, वह 2018 का है। आज की तारीख में उस स्कूल में साफ लेडीज वॉशरूम हैं और सैनिटरी पैड मशीन भी लगी हुई है। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *