![]()
सहरसा सदर थाना क्षेत्र के नया बाजार नगर निगम वार्ड नंबर-11 में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि मंगलवार देर शाम पत्नी के मायके पक्ष के लोगों ने उनके घर में घुसकर पति, उसके माता-पिता समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की। घटना को लेकर बुधवार को सदर थाना में लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पीड़ित पवन ठाकुर ने बताया कि उनके बेटे ओमकार(28) की शादी 20 नवंबर 2025 को बटराहा निवासी निरंजन झा की बेटी आराधना झा(26) से हुई थी। उन्होंने बताया कि आराधना बचपन से ही महाराष्ट्र के कोल्हापुर में अपने माता-पिता के साथ रहती थी। शादी के बाद वह कुछ दिनों तक सहरसा स्थित ससुराल में रही, लेकिन इसके बाद मायके चली गई। कुछ दिनों के लिए वापस आने के बाद 6 दिसंबर 2025 को फिर मायके चली गई और उसके बाद ससुराल नहीं लौटी। बेटे के साथ बेंगलुरु जाने से बहू ने किया था मना पवन ठाकुर के अनुसार, उनका बेटा बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उन्होंने बताया कि दोनों पति-पत्नी के लिए बेंगलुरु जाने का हवाई टिकट भी बुक कराया गया था, लेकिन आराधना ने बेंगलुरु जाने से इनकार कर दिया और कोल्हापुर जाने की बात कही। इस कारण टिकट के करीब 16 हजार रुपये भी बर्बाद हो गए। पवन ठाकुर ने आरोप लगाया कि बाद में उनके समधी ने फोन कर बेटे को कोल्हापुर भेजने को कहा, जहां रिसेप्शन कराने की बात कही गई। उनका आरोप है कि कोल्हापुर पहुंचने के बाद उनके बेटे को करीब 15 दिनों तक वहां रोककर प्रताड़ित किया गया और उस पर वहीं रहने का दबाव बनाया गया। किसी तरह वह वहां से निकलकर वापस आया। 50 लाख देने की मांग करती है पत्नी पीड़ित परिवार का आरोप है कि इसके बाद भी पति-पत्नी के बीच बातचीत के दौरान पत्नी की ओर से 50 लाख रुपए देने की मांग की जाती थी। मंगलवार देर शाम आराधना के चाचा रंजीत झा, जितेंद्र झा समेत कुछ अन्य लोग उनके घर पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। पवन ठाकुर के अनुसार, घटना का वीडियो भी स्थानीय किरायेदार ने बनाया है। उन्होंने घर में तोड़फोड़ करने तथा जेवरात और रुपये ले जाने का भी आरोप लगाया है। मारपीट में पवन ठाकुर (52), उनकी पत्नी किरण ठाकुर(48), बेटे ओमकार और शशिकला देवी(60) को थप्पड़ मारने की घटना को अंजाम दिए जाने का आरोप है। इधर, हमने पत्नी आराधना के परिवार वालों से भी बातचीत करने की कोशिश की लेकिन उन लोगों के द्वारा कोई भी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया गया। इस संबंध में सदर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामला पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा हुआ है। आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सहरसा में पत्नी के मायके वालों पर मारपीट का आरोप:घर में तोड़फोड़ कर जेवर-पैसे ले गए, पिता बोले-15 दिनों तक बेटे को किया प्रताड़ित
