Headlines

उत्तराखंड में पागल कुत्तों के आतंक से 10 स्कूल बंद:600+ बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई हो रही; बचाव के लिए लोग डंडा लेकर निकल रहे




उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ में हिंसक कुत्तों के हमलों से अब तक 11 लोग घायल हो चुके हैं। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए 10 स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। इन स्कूलों के 600 से ज्यादा बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन कराई जा रही है। कुत्तों के डर से लोग घर से बाहर जाते समय हाथ में डंडा लेकर निकल रहे हैं। चमोली कलेक्टर गौरव कुमार के निर्देश पर मुख्य शिक्षा अधिकारी (DEO) आकाश सारस्वत ने स्कूलों में छुट्‌टी का आदेश जारी किया था। पहले 20 से 23 अगस्त तक चार दिन की छुट्‌टी की घोषणा हुई, जिसे बाद में घटाकर दो दिन कर दिया गया। हिंसक कुत्तों को पकड़ने के लिए वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) अभियान चला रही है। 3 कुत्ते पकड़ लिए गए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि एक पागल कुत्ते ने अन्य कुत्तों को काटा, जिसके बाद क्षेत्र में कई कुत्ते आक्रामक हो गए। इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चमोली में ऐसे बढ़े कुत्तों के हमले स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार और सोमवार को 3 लोग कुत्ते के हमले का शिकार हुए। मंगलवार को कुत्तों ने स्कूली बच्चों समेत 4 लोगों को काटा। बुधवार को 3 स्कूली बच्चों समेत 4 अन्य लोगों पर हमला हुआ। कल घायल हुए दीपांशु बिष्ट, मानवी, वैष्णवी, मजदूर प्रकाश और पंती गांव निवासी लक्ष्मी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। मामले से जुड़े 4 PHOTO 17 सदस्यीय जॉइंट टीम चला रही ऑपरेशन क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) में वन विभाग के 5, पशुपालन विभाग के 4 और तहसील के 4 कर्मचारी हैं। टीम के साथ 2-3 पुलिसकर्मी भी तैनात हैं। अभियान की निगरानी एसडीएम यदवीर सिंह कर रहे हैं। कुत्तों को जाल की मदद से पकड़ा जा रहा है। पशुपालन विभाग ने नारायणबगड़ पशु चिकित्सालय में 2 कैंप शुरू किए हैं। पकड़े गए कुत्तों का वैक्सीनेशन किया जा रहा है। लोगों से अपने कुत्तों का टीकाकरण कराने के लिए भी कहा जा रहा है। चमोली के पशु चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र सिंह बिष्ट के अनुसार, नारायणबगड़ क्षेत्र में अब तक 22 कुत्तों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। दो गाय और एक बछड़े का भी टीकाकरण किया गया है। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में स्कूल बंद करने पड़े थे भारत में संभवत: यह दूसरा मौका है जब हिंसक कुत्तों के आतंक के कारण स्कूलों को बंद करना पड़ा। इससे पहले जम्मू-कश्मीर के राजौरी में कुत्तों के आतंक के कारण 8 पंचायतों के स्कूल एक दिन के लिए बंद करने पड़े थे। वहां लोगों की सुरक्षा के लिए CRPF भी तैनात करनी पड़ी थी। —————– ये खबर भी पढ़ें… सुप्रीम कोर्ट बोला- खतरनाक कुत्तों को मौत का इंजेक्शन दें: लोगों की सुरक्षा जरूरी; जो अफसर निर्देश न माने, उस पर अवमानना का केस चले सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि खतरनाक या रेबीज से संक्रमित आवारा कुत्तों को इंजेक्शन लगाकर मारा जा सकता है, लोगों की जान की हिफाजत जरूरी है और गरिमा के साथ जीने में कुत्तों के खतरे से मुक्त होकर रहने का अधिकार भी शामिल है। पढ़ें पूरी खबर…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *