Indigo Airlines Technical Glitch | Ticket Booking & Digital Services Down


  • Hindi News
  • Business
  • Indigo Airlines Technical Glitch | Ticket Booking & Digital Services Down

7 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की ऑनलाइन टिकट बुकिंग में परेशानी आ रही है। एयरलाइन की वेबसाइट पर फ्लाइट खोजने या नई बुकिंग करने की कोशिश कर रहे यात्रियों को शेड्यूल और किराया नहीं दिख रहा।

एयरलाइन ने आज 19 अगस्त को आई इस पेशनी पर सर्विस एडवाइजरी जारी कर सिस्टम में खराबी की जानकारी दी। इंडिगो ने कहा कि उसकी टेक्निकल टीमें टेक्नोलॉजी पार्टनर्स के साथ मिलकर समस्या दूर करने में जुटी हैं।

यात्रियों पर क्या असर पड़ रहा है?

  • नई बुकिंग बंद: वेबसाइट और ऐप पर शेड्यूल या किराया नहीं दिखने से लोग नई टिकट बुक नहीं कर पा रहे।
  • वेब चेक-इन में दिक्कत: जिन लोगों की आज या कल की फ्लाइट्स हैं, उन्हें वेब चेक-इन करने और बोर्डिंग पास डाउनलोड करने में दिक्कत आ सकती है।
  • एयरपोर्ट्स पर भीड़ का खतरा: डिजिटल सेवाएं ठप होने से एयरपोर्ट काउंटरों पर मैनुअल चेकिंग और बुकिंग की वजह से यात्रियों की लंबी कतारें लग सकती हैं।

इंडिगो ने जारी किया बयान

इंडिगो ने बयान में कहा, “हमारे मुख्य रिजर्वेशन प्लेटफॉर्म में फिलहाल रुक-रुककर समस्या आ रही है। इससे कुछ ग्राहकों को हमारी ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में दिक्कत हो सकती है।”

एयरलाइन ने कहा, “हमारी टीमें अपने पार्टनर के साथ मिलकर इस समस्या को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम कर रही हैं।”

यात्रियों को बाद में वेबसाइट या ऐप खोलने की सलाह

इंडिगो ने गैर-जरूरी यात्रा योजना वाले यात्रियों से कुछ समय बाद डिजिटल चैनल दोबारा इस्तेमाल करने को कहा। तुरंत मदद की जरूरत वाले यात्रियों को कस्टमर सपोर्ट हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई।

एडवाइजरी में कहा गया, “जिन ग्राहकों को तुरंत यात्रा संबंधी मदद चाहिए, वे सहायता के लिए हमारे कॉन्टैक्ट सेंटर से संपर्क कर सकते हैं। जिन ग्राहकों की यात्रा बाद में है, वे कुछ समय बाद वेबसाइट या ऐप फिर से खोलने की कोशिश करें।”

इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया और उनके धैर्य व सहयोग की सराहना की।

मार्केट शेयर के लिहाज से देश की सबसे बड़ी एयरलाइन है इंडिगो

इंडिगो भारत की सबसे बड़ी बजट एयरलाइन है, जिसके पास घरेलू एविएशन मार्केट का 60% से अधिक हिस्सा (मार्केट शेयर) है। रोजाना हजार से ज्यादा फ्लाइट्स ऑपरेट करने वाली इस कंपनी के रिजर्वेशन सिस्टम में खराबी आने से देश भर के हजारों यात्रियों का ट्रैवल प्लान प्रभावित हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *