![]()
चंडीगढ़ में आज 18 अगस्त को शाम 5 बजे पेट्रोल का लंगर लगाया जाएगा। अमृतसर के कारोबारी राकेश त्रेहन उर्फ ‘राजा दी किंग’ ने इसका ऐलान किया है। उन्होंने वीडियो जारी कर बताया कि सेक्टर-10 और सेक्टर-7 स्थित पेट्रोल पंपों पर लोगों को मुफ्त पेट्रोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिनके पास वाहन नहीं हैं, वह नहीं आएं। दोपहिया-तिपहिया वाहनों को 500 और कारों को 1000 रुपए के कूपन दिए जाएंगे, जिनके आधार पर लोग अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवा सकेंगे। आयोजन को लेकर पेट्रोल पंपों पर विशेष व्यवस्था की गई है। बिटकॉइन के मुनाफे से सेवा का दावा राकेश त्रेहन का कहना है कि वह बिटकॉइन और शेयर बाजार में निवेश करते हैं और इससे होने वाले मुनाफे का एक हिस्सा लोगों की सेवा में खर्च करते हैं। उनका दावा है कि वह साल 2010 से क्रिप्टो और शेयर बाजार में निवेश कर रहे हैं। वह यह भी कहते हैं कि उनकी कमाई का पैसा अवैध नहीं है और सरकार चाहे तो इसकी जांच कर सकती है। पेट्रोल के लंगर के बाद उनका अगला लक्ष्य आईफोन का लंगर लगाने का है। राकेश खुद को महामाई का भक्त बताते हैं और कहते हैं कि माता की कृपा से वह समय-समय पर लोगों के लिए अलग-अलग तरह के लंगर लगाते हैं। पहले भी लगा चुके कई तरह के लंगर राकेश त्रेहन इससे पहले भी चंडीगढ़ में अलग-अलग तरह के लंगर लगा चुके हैं। हाल ही में सेक्टर-8 स्थित सनातन धर्म मंदिर (शिव मंदिर) के बाहर उन्होंने पैसों और खाने का लंगर लगाया था। यहां लोगों को 500-500 रुपए के नोट के साथ मैकडॉनल्ड्स का बर्गर और कोल्ड ड्रिंक भी दी गई थी। इस दौरान पैसे और खाना लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। भीड़ को संभालने के लिए बाउंसर भी तैनात किए गए थे। एक व्यक्ति बार-बार लाइन में लगकर पैसे न ले सके, इसके लिए आयोजकों ने कूपन की व्यवस्था की थी। इस लंगर के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। आयोजक के अनुसार, वह साल 2019 से इस तरह के लंगर लगा रहे हैं। वह अलग-अलग धार्मिक स्थलों और मौकों पर लोगों को सोने के सिक्के और 500 से 1500 रुपए तक नकद भी बांट चुके हैं। इसके अलावा फाइव-स्टार होटलों में करीब 25 बार जरूरतमंद और गरीब लोगों को खाना खिलाने का दावा भी किया है। कारोबारी राकेश त्रेहन कौन हैं? राकेश त्रेहन को सोशल मीडिया पर ‘राजा दी किंग’ के नाम से जाना जाता है। वह मूल रूप से अमृतसर के रहने वाले हैं। उनके पिता कपड़े के कारोबारी थे और अब उनका निधन हो चुका है। राकेश के मुताबिक, पिता की संपत्ति का आधा हिस्सा उन्हें मिला है। राकेश त्रेहन जेएमडी ग्रुप के मालिक हैं। उनकी कंपनी डिजिटल करेंसी और ऑनलाइन फाइनेंस मार्केट में निवेश व ट्रेडिंग से जुड़ी है। उनका कारोबार रियल एस्टेट और प्रॉपर्टी डीलिंग से भी जुड़ा बताया गया है। वह मर्सिडीज गाड़ी में चलते हैं और अपनी सुरक्षा के लिए बाउंसर भी रखते हैं। धार्मिक भावनाएं आहत करने का केस दर्ज हुआ था सितंबर 2025 में अमृतसर पुलिस ने राकेश त्रेहन के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में FIR दर्ज की थी। उन पर कुछ वीडियो में देवी-देवताओं और गुरुओं के बारे में अपमानजनक संदर्भ देने के आरोप लगाए गए थे। उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। ********** ये खबर भी पढ़ें: लुधियाना में बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवक की हत्या: बदमाशों ने रास्ते में घेरा, कार में बैठे गोलियां मारी, सड़क पर गिरकर दम तोड़ा लुधियाना में कार सवार बदमाशों ने 23 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वह बर्थडे पार्टी से कार में सवार होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान जब वह बस स्टैंड के पास पहुंचा, तो किसी बात को लेकर उसकी कुछ युवकों के साथ बहस हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)
Source link
चंडीगढ़ में आज पेट्रोल का लंगर लगेगा:2 पंपों पर फ्री मिलेगा तेल; कार वालों को टू-थ्री व्हीलर से दोगुने रुपए का कूपन मिलेगा
