![]()
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को सीवान शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में जिला प्रशासन की ओर से मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। पर्यटन विभाग सह जिले के प्रभारी मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने राष्ट्रध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने परेड की सलामी ली। तिरंगा फहराते ही पूरा गांधी मैदान देशभक्ति के रंग में डूब गया। राष्ट्रगान की धुन के बीच लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। आकर्षक तरीके से सजाया गया था गांधी मैदान मुख्य समारोह को लेकर गांधी मैदान को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मैदान में बैरिकेडिंग की गई थी। अतिथियों और आम लोगों के बैठने के लिए पंडाल लगाए गए थे। मंच को भी विशेष रूप से सजाया गया था। समारोह में जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। सुबह से ही गांधी मैदान में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। पुलिस और छात्रों की टुकड़ियों ने किया शानदार परेड ध्वजारोहण के बाद गांधी मैदान में भव्य परेड का आयोजन किया गया। इसमें जिला पुलिस बल के महिला और पुरुष जवानों के साथ गृह रक्षा वाहिनी के जवानों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा डीएवी पीजी कॉलेज, इस्लामियां कॉलेज, वीएम हाई स्कूल, डीएवी हाई स्कूल, राजवंशी देवी बालिका हाई स्कूल और आर्य कन्या हाई स्कूल की एनसीसी और स्काउट की टुकड़ियों ने भी मार्च पास्ट किया। केंद्रीय विद्यालय के स्काउट-गाइड की टुकड़ी ने भी परेड में हिस्सा लिया। परेड की विभिन्न टुकड़ियों ने पुलिस लाइन के सार्जेंट मेजर एवं पुलिस उपाधीक्षक रक्षित के नेतृत्व में कदमताल किया। बैंड की धुन के साथ जवानों और छात्र-छात्राओं की अनुशासित कदमताल से पूरा गांधी मैदान गूंजता रहा। परेड में शामिल टुकड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। फाइनल रिहर्सल में भी परखी गई थी तैयारियां स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को गांधी मैदान में फाइनल ड्रेस रिहर्सल किया गया था। इस दौरान डीएम विवेक रंजन मैत्रेय और एसपी पूरन कुमार झा खुली जीप पर सवार होकर मैदान पहुंचे थे। दोनों अधिकारियों ने परेड का निरीक्षण किया और संयुक्त रूप से परेड की सलामी ली थी। फाइनल रिहर्सल के बाद शनिवार को आयोजित मुख्य समारोह में प्रशासन की तैयारियां पूरी तरह धरातल पर नजर आईं। स्कूल-कॉलेज से सरकारी कार्यालय तक फहराया तिरंगा स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक उत्साह का माहौल रहा। विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और सामाजिक संगठनों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूल-कॉलेजों में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद किया। पूरे जिले में तिरंगे के साथ देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। गांधी मैदान का मुख्य समारोह भी परेड, राष्ट्रगान और ध्वजारोहण के साथ देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता के गौरव का संदेश देता नजर आया।
Source link
सीवान के गांधी मैदान में शान से लहराया तिरंगा:प्रभारी मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया ध्वजारोहण; जवानों के साथ NCC-स्काउट ने किया शानदार मार्च पास्ट
