Headlines

दरभंगा- कुशेश्वरस्थान मंदिर में 30 दंडाधिकारी ड्यूटी से गायब:एसडीओ ने मांगा स्पष्टीकरण, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर की जाएगी कार्रवाई




दरभंगा के कुशेश्वरस्थान शिव मंदिर में सावन की दूसरी सोमवारी पर 30 दंडाधिकारी ड्यूटी पर गायब रहे। जिसके बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। बिरौल एसडीओ सह बाबा कुशेश्वरस्थान न्यास समिति के अध्यक्ष शशांक राज ने सभी अनुपस्थित दंडाधिकारियों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित दंडाधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। कुशेश्वरस्थान मंदिर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए कुल 67 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। सोमवार को ड्यूटी प्वॉइंट की जांच के दौरान 30 दंडाधिकारी अपने निर्धारित स्थानों पर अनुपस्थित मिले। इसके कारण कई महत्वपूर्ण स्थानों पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई। एसडीओ शशांक राज ने कहा कि ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुपस्थित मिले सभी दंडाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और स्वयंसेवकों ने संभाली अतिरिक्त जिम्मेदारी दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी, डीएसपी प्रभाकर तिवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल रात से ही मेला क्षेत्र में तैनात थे। दंडाधिकारियों की अनुपस्थिति के बाद पुलिसकर्मियों के साथ करीब 220 स्वयंसेवकों को भी कई स्थानों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालनी पड़ी। प्रशासन के अनुसार मंदिर परिसर, शिवगंगा घाट, पार्किंग स्थल और श्रद्धालुओं की कतार वाले क्षेत्रों में भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद निर्धारित ड्यूटी प्वॉइंट पर दंडाधिकारियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया गया है। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की कही बात एसडीओ ने कहा कि आगामी सोमवारी को सख्ती से निगरानी की जाएगी। निर्धारित स्थान से अनुपस्थित रहने या ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *