किशनगंज जिले को श्रावणी मेला 2026 के सफल आयोजन के लिए बिहार सरकार ने 10 लाख रुपये आवंटित किए हैं।
.
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 में मेले के आयोजन, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर खर्च की जाएगी।
विभाग की सचिव सीमा त्रिपाठी ने बताया कि यह स्वीकृति किशनगंज के समाहर्ता द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर दी गई है।
सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आवंटित राशि का उपयोग केवल श्रावणी मेला 2026 से संबंधित कार्यों में ही किया जाएगा और इसे किसी अन्य मद में खर्च नहीं किया जा सकेगा।

स्वीकृति जिले के लिए महत्वपूर्ण
आदेश में यह भी बताया गया है कि राशि की निकासी वित्तीय वर्ष 2026-27 में उपलब्ध निधि से निर्धारित बजट शीर्ष के अंतर्गत की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, राशि का आवंटन और भुगतान सीएफएमएस 2.0 प्रणाली के माध्यम से करने का निर्देश दिया गया है।
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति को जिले के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आवंटित राशि का विचलन नहीं किया जाएगा – सरकार
विभाग ने समाहर्ता, अपर समाहर्ता, संबंधित भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी और निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को राशि के उपयोग के लिए पूर्ण रूप से उत्तरदायी बनाया है।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि स्वीकृत धनराशि का व्यय निर्धारित नियमों के अनुरूप और उनकी प्रत्यक्ष निगरानी में हो।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवंटित राशि का किसी भी परिस्थिति में विचलन नहीं किया जाएगा और इसके आधार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय दायित्व सृजित नहीं होगा।
विभाग ने निर्देश दिया है कि राशि खर्च होने के तीन माह के भीतर उपयोगिता प्रमाण-पत्र (यूसी) विभाग को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
