नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए स्टूडेंट्स को 10 अगस्त तक रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी में प्रोफेशनल कोर्स एमसीए में दाखिला लेने के इच्छुक स्टूडेंट के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। एमसीए कोर्स में नामांकन के लिए अभ्यर्थी आगामी 10 अगस्त तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
.
यूनिवर्सिटी के कुलपति रवीन्द्र कुमार ने बताया कि इस साल एमसीए कोर्स में कुल 140 सीटों पर नामांकन लिया जाना है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक रजिस्ट्रेशन कराकर अपनी दावेदारी सुरक्षित कर सकते हैं।
लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के बाद होगा एडमिशन
नामांकन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए कुलसचिव प्रोफेसर अभय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि एमसीए में दाखिले के लिए लिखित परीक्षा और साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा। इस लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में केवल वही छात्र-छात्राएं शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पूर्व में अपना रजिस्ट्रेशन विधिवत रूप से करा लिया होगा।
उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण के किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। एमसीए के अलावा विश्वविद्यालय के अन्य कई विभागों में भी दाखिले की प्रक्रिया निर्बाध रूप से जारी है।

नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी में कई सब्जेक्ट में एडमिशन जारी है।
ओपन यूनिवर्सिटी में ग्रुजेएशन लेवल पर इन सब्जेट के लिए एडमिशन जारी
स्नातकोत्तर स्तर पर कला संकाय में अर्थशास्त्र, पर्यावरण विज्ञान, भूगोल, इतिहास, हिंदी, राजनीतिक विज्ञान, लोक प्रशासन, उर्दू, संस्कृत, समाजशास्त्र और गृह विज्ञान विषयों में नामांकन चल रहा है।
वहीं, स्नातकोत्तर वाणिज्य के साथ-साथ स्नातकोत्तर विज्ञान के तहत वनस्पति विज्ञान, भूगोल, भौतिक विज्ञान, गणित, जंतु विज्ञान, रसायन शास्त्र, पर्यावरण विज्ञान और गृह विज्ञान में भी विद्यार्थी अपना दाखिला करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त बीसीए, बीएलआईएस और एमएलआईएस जैसे प्रोफेशनल व डिग्री कोर्सेज में भी दाखिले की प्रक्रिया जारी है।
डिग्री कोर्सेज के साथ-साथ विश्वविद्यालय कई रोजगारपरक स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में भी नामांकन ले रहा है, जिनमें मार्केटिंग मैनेजमेंट, फाइनेंशियल मैनेजमेंट, हिंदी-इंग्लिश ट्रांसलेशन, यौगिक स्टडीज, पत्रकारिता एवं जनसंचार, इनफॉरमेशन एवं पब्लिक रिलेशन्स और ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट शामिल हैं।
इसके अलावा चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के तहत भी नामांकन लिए जा रहे हैं, जिसमें कला संकाय में अर्थशास्त्र, भूगोल, इतिहास, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र व स्नातक विज्ञान संकाय में वनस्पति विज्ञान, भूगोल, भौतिक विज्ञान, गणित, जंतु विज्ञान एवं रसायन शास्त्र विषय शामिल हैं। इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय से संपर्क कर अपना नामांकन करा सकते हैं।
