![]()
राजगीर में बिहार खेल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्पॉट नामांकन की चयन सूची प्रकाशित कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से 27 जुलाई को जारी की गई पूर्व सूचना के आलोक में रिक्त सीटों के विरुद्ध 28 जुलाई से 31 जुलाई के बीच सहमति प्रदान करने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह मेधा सूची जारी की गई है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सत्यापन के दौरान किसी भी दस्तावेज के असत्य या अप्रमाणित पाए जाने पर नामांकन तत्काल निरस्त कर दिया जाएगा। बीपीईएस एवं पीजीडीएससी की नियमित कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं, इसलिए चयनित अभ्यर्थियों को यह निर्देश दिया गया है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना नामांकन कराएं। स्पॉट नामांकन की यह प्रक्रिया 5 अगस्त से 7 अगस्त तक संचालित की जाएगी। सभी चयनित अभ्यर्थियों को सबसे पहले सुबह आठ बजे अनुमंडल अस्पताल राजगीर में चिकित्सीय परीक्षण के लिए उपस्थित होना होगा।
इनका हुआ चयन शारीरिक शिक्षा एवं खेल में स्नातक पाठ्यक्रम (बीपीईएस) के विभिन्न वर्गों में कई अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। जारी की गई सूची के अनुसार, अनारक्षित वर्ग से रवि कुमार राम, अनारक्षित महिला वर्ग से तन्नू कुमारी और शक्ति प्रिया, ईडब्ल्यूएस से आयुष कुमार व अनुराग कुमार ठाकुर, ईडब्ल्यूएस महिला से शताक्षी ओझा, बीसी से सोनू कुमार राजा, ईबीसी महिला से अंजलि कुमारी, एससी से प्रियांशु राज व किरण कुमारी और एसटी कोटे के विरुद्ध एससी वर्ग से आदित्य राज का चयन हुआ है। हालांकि, एससी महिला की एक सीट रिक्त रह गई है। वहीं, खेल प्रशिक्षण में स्नातकोत्तर डिप्लोमा (पीजीडीएससी) के तहत क्रिकेट में अनारक्षित कोटे से भाग्य श्री का चयन किया गया है, जबकि एथलेटिक्स और कबड्डी खेल के लिए कोई भी पात्र उम्मीदवार नहीं पाया गया है।
ये दस्तावेज लाने होंगे नामांकन के समय सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ मैट्रिक, इंटरमीडिएट और स्नातक (यदि लागू हो) के अंक-पत्र और मूल प्रमाण-पत्र, विद्यालय या महाविद्यालय की ओर से निर्गत परित्याग प्रमाण-पत्र (एसएलसी/सीएलसी), प्रव्रजन प्रमाण-पत्र और निवास प्रमाण-पत्र लाना अनिवार्य है। इसके अलावा आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को जाति प्रमाण-पत्र, बीसी व ईबीसी अभ्यर्थियों के लिए सक्षम पदाधिकारी की ओर से निर्गत एक वर्ष की वैधता वाला क्रिमीलेयर रहित प्रमाण-पत्र, ईडब्ल्यूएस के लिए एक वर्ष की वैधता वाला प्रमाण-पत्र, खेल सहभागिता प्रमाण-पत्र, पांच नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड (मूल एवं छायाप्रति) और रक्त समूह (ब्लड ग्रुप) प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।
बीपीईएस पाठ्यक्रम का शुल्क 64,350 रुपए सभी पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन माध्यम से जमा किए जाने वाले सेमेस्टर शुल्क का निर्धारण भी कर दिया गया है। बिहार के मूल निवासी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला अभ्यर्थियों के लिए बीपीईएस पाठ्यक्रम का शुल्क 64,350 रुपए और पीजीडीएससी का शुल्क 61,950 रुपए तय किया गया है। वहीं, शेष अन्य सभी अभ्यर्थियों को बीपीईएस के लिए 69,350 रुपए और पीजीडीएससी के लिए 66,950 रुपए का भुगतान करना होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि कोई भी चयनित अभ्यर्थी निर्धारित अवधि (5 से 7 अगस्त ) के भीतर चिकित्सीय परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और शुल्क जमा कर औपचारिक नामांकन की प्रक्रिया पूरी नहीं करता है, तो उसका चयन बिना किसी पूर्व सूचना के निरस्त हो जाएगा। किसी भी प्रकार की पूछताछ के लिए अभ्यर्थी कार्य दिवस में सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक जारी किए गए मोबाइल नंबर 9691639627 और 8210015003 पर संपर्क कर सकते हैं।
Source link
बिहार खेल विश्वविद्यालय, स्पॉट एडमिशन की चयन सूची जारी:5 से 7 अगस्त तक चलेगी नामांकन प्रक्रिया, अनुमंडल अस्पताल में होगा मेडिकल टेस्ट
