![]()
किशनगंज सदर थाना क्षेत्र के अस्पताल रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा में एक महिला से 9 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। महिला बैंक से रुपये निकालने आई थी। पीड़िता की शिकायत पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुराना खगड़ा निवासी साकेरून निशा ने सोमवार को सदर थाना में दिए आवेदन में बताया कि 31 जुलाई को उन्होंने पीएनबी से अपने बचत खाते से 35 हजार रुपये निकाले थे। बैंक परिसर में ही वह रुपये गिन रही थीं, तभी एक युवक उनके पास आया। युवक ने नोट पर कलम का निशान होने की बात कहकर उन्हें काउंटर से बदलवाने की सलाह दी। पीड़िता ने आरोपी को देखने के बाद पहचाना महिला ने युवक की बात पर भरोसा कर नोट बदलवाने के लिए काउंटर की ओर बढ़ना शुरू किया। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर रुपयों में से 9 हजार रुपये निकाल लिए और बाकी रकम महिला को वापस दे दी। जब महिला ने दोबारा रुपये गिने, तो रकम कम पाई गई। तब तक आरोपी बैंक से फरार हो चुका था। घटना के बाद महिला ने अपने स्तर पर युवक की तलाश शुरू की। पीड़िता ने बताया कि 3 अगस्त को उन्होंने आरोपी युवक को शहर के सब्जी मंडी क्षेत्र में देखा और पहचान लिया। इसके बाद परिजनों की मदद से उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। अजनबी की बातों में न आने की अपील मामले को लेकर सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। पुलिस ने आम लोगों से बैंक में लेन-देन के दौरान सतर्क रहने और किसी भी अजनबी की बातों में न आने की अपील की है।
Source link
बैंक में महिला से 9 हजार की ठगी:किशनगंज में पीड़िता ने आरोपी को पहचानकर पुलिस के हवाले किया
