पेपर लीक, शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आज पटना यूनिवर्सिटी के छात्रों का जुटान हुआ। छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स’ एसोसिएशन (AISA) की ओर से “छात्र-युवा आक्रोश दिवस” का आयोजन किया गया।
.
इस दौरान छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र-युवा आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने “शिक्षा बेचना बंद करो”, “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन में फोटो प्रदर्शनी, जनगीत और सभा का भी आयोजन किया गया। AISA ने घोषणा की कि 22 जुलाई को पटना यूनिवर्सिटी से राजभवन मार्च निकाला जाएगा।

पेपर लीक, शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन करते पटना यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट।
छात्र नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना
पटना यूनिवर्सिटी की छात्रा सबा अफरीन ने कहा, ‘दिल्ली में 21 दिनों से जंतर मंतर पर क्या चल रहा है, यह हम सभी लोग जानते हैं। सभी यही मांग कर रहे हैं कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, एनटीए को खारिज किया जाए और आत्महत्या करने वाले छात्रों के प्रति थोड़ी संवेदना जाहिर करें।
इन सभी 22 छात्रों की संस्थागत हत्या की गई है। सोनम वांगचुक लगातार भूख हड़ताल कर रहे थे और इसे तोड़ना नहीं चाह रहे थे, लेकिन सरकार जबरन उन्हें सफेद कपड़े में किडनैप कर जाती है।
हमारे साथियों ने आज भूख हड़ताल तोड़ी है और संसद में मार्च करेंगे। इसके बाद भी अगर सरकार नहीं सुनती है तो आंदोलन के जो भी स्वरूप है, उसे अपनाए जाएंगे।

फांसीवाद का दौर देश में ला रही सरकार- सबा अफरीन
छात्रा सबा अफरीन ने आगे कहा, ‘इस सरकार को छात्रों की बात सुन लेनी चाहिए, क्योंकि इतनी ज्यादा आक्रोश के बाद भी अगर आप यह कल्चर लेकर आए हैं कि जो भी करो हम नहीं सुनेंगे। इसका मतलब यह है कि आप फांसीवाद का दौर देश में ले आ रहे हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘जैसे देश भर के छात्र धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं। वैसे ही बिहार के छात्र मिथिलेश तिवारी का इस्तीफा मांग रहे हैं।’
NEET, AEDO और TRE-4 के मुद्दे उठाए
छात्रा मनीषा ने कहा, ‘NEET पेपर लीक के खिलाफ, बिहार में AEDO की पेपर लीक, TRE 4 की नोटिफिकेशन को लेकर हम अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। आज दिल्ली में छात्र अपनी आवाज बुलंद करने के लिए संसद मार्च कर रहे हैं। उन्हें समर्थन देने के लिए आज हम लोग यहां पर पटना से उनके आवाज को मजबूत कर रहे हैं।

22 जुलाई को पटना यूनिवर्सिटी से छात्र राजभवन मार्च करेंगे। बिहार में शिक्षा से जुड़े जो भी दमन बच्चों पर हो रहे हैं उसके खिलाफ प्रदर्शन का आवाहन किया गया है।
