![]()
दरभंगा में सोमवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलास्तरीय पोषण किट (फूड बास्केट) वितरण कार्यक्रम हुआ। जिसकी अध्यक्षता डीएम कौशल कुमार ने की है। इस दौरान चिह्नित टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि जिले में टीबी उन्मूलन के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। टीबी मरीजों के बेहतर उपचार के साथ-साथ उनके पोषण का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसी उद्देश्य से चिह्नित मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि उन्हें पौष्टिक आहार मिल सके। डीएम ने कहा कि जिले की 54 पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत के रूप में विकसित करने के लिए चयनित किया गया है और 15 अगस्त तक इन्हें टीबी मुक्त घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 2 लाख लोगों की जांच हो चुकी डीएम ने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से 100 फूड बास्केट उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और बैंकों के सहयोग से आगे भी अधिक संख्या में पोषण किट उपलब्ध कराकर मरीजों के बीच वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले में टीबी की पहचान के लिए स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। अब तक करीब 2 लाख लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसके आधार पर 13 हजार टीबी मरीजों की पहचान हुई है। सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
पोषण सहायता राशि बैंक खातों में भेजी जा रही डीएम ने कहा कि सरकार की ओर से टीबी मरीजों को दी जाने वाली पोषण सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। अब तक 5,400 मरीजों के खातों में राशि हस्तांतरित की जा चुकी है, जबकि शेष पात्र मरीजों के खातों में भी जल्द राशि भेजने की प्रक्रिया जारी है। कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, एनसीडीओ सत्येंद्र प्रसाद, डीपीएम (स्वास्थ्य) प्रभात कुमार राजू, डीसीएम रवि कुमार, रेड क्रॉस सोसाइटी के चिकित्सक एवं प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
Source link
15 अगस्त तक 54 पंचायतें टीबी मुक्त होंगी:दरभंगा में मरीजों के बीच पोषण किट बांटे, पैष्टिक आहार के लिए फूड बास्केट भी कराया उपलब्ध
