![]()
मुंगेर जिले के ऐतिहासिक पोलो मैदान में शुक्रवार से चार दिवसीय 65वीं सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल (अंडर-15 बालक) प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर, जिला खेल पदाधिकारी कमल किशोर और सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने गुब्बारे उड़ाकर और फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर ने कहा कि सुब्रतो मुखर्जी कप देश की प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिताओं में शामिल है। राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन पोलो मैदान और शीतलपुर मैदान में किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार में फुटबॉल के प्रति युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रतियोगिताओं का आयोजन करा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मुंगेर में फुटबॉल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पोलो मैदान में अत्याधुनिक टर्फ मैदान का निर्माण कराया गया है। इसका लाभ जिले के सैकड़ों खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास कर उठाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रतियोगिता से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलकर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे। जिला खेल पदाधिकारी कमल किशोर ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के ठहरने, भोजन, पेयजल, चिकित्सा तथा सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं।
चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बिहार के 20 जिलों की टीमें भाग ले रही हैं। इनमें मुंगेर, भागलपुर, नवादा, गोपालगंज, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, लखीसराय, बेगूसराय, पटना, कैमूर, रोहतास, सिवान, जमुई, पश्चिम चंपारण, दरभंगा, पूर्णिया, मधुबनी, सारण, गया तथा किशनगंज की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन पोलो मैदान में दरभंगा और पश्चिम चंपारण के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला गया, समारोह के दौरान खेल विभाग के अधिकारी, विभिन्न जिलों से आए टीम प्रबंधक, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन एवं खेल विभाग की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न मैदानों पर रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
Source link
मुंगेर में राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू:DM ने किक मारकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया, 20 जिलों के अंडर-15 खिलाड़ी दिखाएंगे दम
