![]()
सीवान में एक व्यक्ति को अर्धनग्न अवस्था में घर से बाहर निकालकर गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गांव में जातीय तनाव और सामाजिक हिंसा की आशंका को देखते हुए निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। साथ ही, लगभग 150 से 200 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। घटना आंदर थाना क्षेत्र के उज्जैन बंगरा गांव की है। सीवान एसपी भारत सोनी ने बताया कि पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से उज्जैन बंगरा गांव से संबंधित वायरल वीडियो के आधार पर जातीय तनाव की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के संबंध में जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और संतोष सिंह के साथ मारपीट व गाली-गलौज को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उज्जैन बंगरा गांव में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। इसके अतिरिक्त, लगभग 150 से 200 व्यक्तियों के विरुद्ध BNSS की धारा-126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है। लोगों के एकत्रित होने पर लगाया प्रतिबंध पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य संभावित रूप से शांति भंग करने वाले लोगों पर प्रभावी नियंत्रण रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है। निषेधाज्ञा के तहत क्षेत्र में अनावश्यक रूप से पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा, भड़काऊ भाषण, नारेबाजी, अफवाह फैलाने तथा लाठी-डंडे या अन्य हथियार लेकर चलने पर भी रोक लगाई गई है। अर्धनग्न अवस्था में ले जाने का वीडियो हुआ था वायरल दरअसल, रविवार को उज्जैन बंगरा गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में संतोष सिंह को कुछ युवकों द्वारा उनके घर से बाहर निकालकर अर्धनग्न अवस्था में सड़क पर ले जाते और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए देखा गया था। आरोप है कि बाद में उनके साथ मारपीट भी की गई। बताया गया कि घटना से पहले संतोष सिंह द्वारा सोशल मीडिया लाइव में डॉ. भीमराव आंबेडकर और दलित समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ा। मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। संतोष सिंह की ओर से 12 नामजद और 50 अज्ञात, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से 13 नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस संतोष सिंह सहित अन्य की गिरफ्तार कर चुकी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। एसपी भारत सोनी ने बताया कि सोशल मीडिया पर जातीय वैमनस्य और तनाव उत्पन्न करने वाली आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री के प्रसार पर भी पुलिस की कड़ी नजर है। साइबर थाना द्वारा ऐसी सामग्री प्रसारित करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
Source link
उज्जैन बंगरा में जातीय तनाव, धारा-163 लागू:सीवन में अर्धनग्न अवस्था में शख्स को ले जाने का वीडियो वायरल,150-200 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई
