Headlines

नए SP के पदभार संभालते ही फायरिंग:सीवान में मामूली विवाद में 2 युवक घायल, पटना रेफर




सीवान में नए पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के पदभार ग्रहण करने के लिए पहुंचते ही अपराधियों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे दी। शुक्रवार की शाम नवपदस्थापित एसपी भारत सोनी सीवान पहुंचे ही थे कि जीबी नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों को गोली मार दी। गोलीबारी की इस घटना ने जिले में नए एसपी के सामने अपराध नियंत्रण की चुनौती को एक बार फिर उजागर कर दिया है। घटना जीबी नगर थाना क्षेत्र के हकमा कोल्ड स्टोरेज के समीप की है। घायलों की पहचान दिनापट्टी, भरतपुरा निवासी जय प्रकाश शर्मा के पुत्र मनीष शर्मा (21) और राजनाथ सिंह के पुत्र सुमित कुमार (22) के रूप में हुई है। कमर से पिस्टल निकालकर गोली चलाई दोनों को गंभीर हालत में सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। घायल मनीष शर्मा ने बताया कि वह हकमा कोल्ड स्टोरेज में काम करता है।शुक्रवार की शाम उसका दोस्त सुमित उससे मिलने आया था। दोनों पैदल घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हकमा गांव के ही दो युवक बाइक से उनके पास से गुजरे और कथित तौर पर गाली देने लगे। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने कमर से पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली मनीष के दाएं हाथ में लगी और आर-पार हो गई। मनीष को गोली लगने के बाद उसका दोस्त सुमित उसे बचाने के लिए आगे आया तो आरोपितों ने उसे भी गोली मार दी। दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गोली सुमित के बाएं तरफ कमर में लगी और अंदर फंस गई। लगातार दो फायरिंग की आवाज सुनकर कोल्ड स्टोरेज के मालिक सहित आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों आरोपित बाइक से फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने दोनों को पटना रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जीबी नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जानकारी मिलते ही दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। घायल युवक के बयान के अनुसार गांव के ही युवकों ने मामूली कहासुनी के बाद गोलीबारी की है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। नए एसपी भारत सोनी के सीवान पहुंचने के साथ हुई इस गोलीबारी की घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब नए एसपी के सामने अपराधियों पर नकेल कसना और जिले में पुलिस का इकबाल कायम करना बड़ी चुनौती होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *