Headlines

आयुक्त ने सदर अनुमंडल ऑफिस का इंस्पेक्शन किया:खगड़िया में पेंडिंग केस के तुरंत निपटारे के दिए निर्देश




मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त ने बुधवार को खगड़िया स्थित सदर अनुमंडल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं के कार्यों, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों और निर्वाचन संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय जिलाधिकारी विक्रम विरकर, पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे, जिन्होंने आयुक्त को कार्यालय के कार्यों और निर्वाचन तैयारियों की जानकारी दी। पेंडिंग केस के तुरंत निपटारे के निर्देश दिए उन्होंने कार्यालय की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुरक्षित संधारण और बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। आयुक्त ने विभिन्न शाखाओं में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े। न्यायालय से संबंधित वादों की समीक्षा के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए। राजस्व शाखा की समीक्षा में राजस्व मामलों, अभिलेखों के संधारण, हल्का राजस्व और अमीन से जुड़े कार्यों की जानकारी ली गई। ”नियमानुसार समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता” आयुक्त ने नागरिकों से जुड़े राजस्व मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त, निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी अभिलेखों और दस्तावेजों को अद्यतन रखने तथा आगामी चुनावों से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। नीलाम पत्र शाखा के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई और नियमानुसार उनके शीघ्र निष्पादन का आदेश दिया गया। निरीक्षण के अंत में आयुक्त ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और नियमानुसार समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा कर प्रगति अद्यतन रखने का निर्देश दिया। इस निरीक्षण के दौरान अनुमंडलीय पदाधिकारी, शाखा प्रभारी, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *