Headlines

बांका में बिजली गिरने से 50 वर्षीय किसान की मौत:खेत में काम करते समय झुलसे, ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी; अस्पताल पहुंचाया




बांका के रजौन प्रखंड अंतर्गत सहायक थाना नवादा बाजार क्षेत्र के धायहरणा गांव में गुरुवार की संध्या खेत में काम करने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान धायहरणा गांव निवासी करीब 50 वर्षीय बिंदेश्वरी प्रसाद सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार बिंदेश्वरी प्रसाद सिंह गुरुवार को अपने खेत में कुदाल लेकर कृषि कार्य करने गए थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया। बूंदाबांदी के साथ तेज गर्जना होने लगी। इससे पहले कि वह सुरक्षित स्थान पर पहुंच पाते, अचानक आकाशीय बिजली उनके पास गिर गई। बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और खेत में ही गिर पड़े। घटना होते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और मजदूर दौड़कर मौके पर पहुंचे। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। आनन-फानन में गंभीर हालत में उन्हें भागलपुर जिले के जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से शव गांव पहुंचते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि बिंदेश्वरी प्रसाद सिंह मेहनती किसान थे और परिवार का मुख्य सहारा थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही नवादा थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों या खुले स्थानों पर जाने से बचने और आकाशीय बिजली की चेतावनी मिलने पर सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है। सूचना मिलते ही उपमुख गुड्डू राजा और अमरेंद्र कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर सांत्वना दिया। थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *