![]()
सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के समस्तीपुर से सहरसा जा रही पैसेंजर ट्रेन (संख्या 63344) के इंजन और उससे सटी एक बोगी में आग लग गई। यह घटना सोमवार सुबह करीब 3 बजे हुई, जिससे स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई। हालांकि, सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इंजन से निकला धुआं बताया गया कि ट्रेन के सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंचते ही इंजन से धुआं निकलने लगा, जो देखते ही देखते आग में बदल गया और पास की एक बोगी तक फैल गया। उस समय कई यात्री सो रहे थे। आग और धुएं की आहट से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और वे अपनी जान बचाने के लिए बोगी से बाहर भागे। स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मियों की त्वरित मदद से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया। शॉर्ट सर्किट की आशंका घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग की चार गाड़ियां आग बुझाने के प्रयास में जुटी रहीं। आग इतनी भीषण थी कि उस पर पूरी तरह से काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने के प्रारंभिक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और स्थानीय प्रशासन के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। वे राहत-बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं और हादसे के कारणों की जांच में जुट गए हैं।
Source link
सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में आग:समस्तीपुर-सहरसा ट्रेन के इंजन और एक बोगी प्रभावित, यात्री सुरक्षित
