![]()
छठ महापर्व सिर्फ धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही हमारी सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण है। मां से बेटी और सास से बहू तक छठ की परंपराओं का हस्तांतरण इस पर्व की विशेषता है। समय के साथ इसकी परंपराएं कमजोर होने के बजाय और मजबूत हुई हैं। आज बिहार के लोग कनाडा, इंग्लैंड सहित दुनिया के अलग-अलग देशों में छठ मनाकर अपनी संस्कृति और परंपरा को वैश्विक पहचान दिला रहे हैं। ये बातें जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने रविवार को राजेंद्र सरोवर में आयोजित भास्कर महोत्सव के दौरान कहीं। लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से राजेंद्र सरोवर में भव्य भास्कर महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें लोक संस्कृति, पारंपरिक गीत-संगीत और छठ की महिमा की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। दीप प्रज्वलित कर जिलाधिकारी विक्रम विरकर और खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार ने संयुक्त रूप से महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उप विकास आयुक्त श्रेया श्री, अपर समाहर्ता सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। मां से बेटी और सास से बहू तक पहुंच रही परंपरा महोत्सव को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि छठ की परंपराएं पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ रही हैं। मां अपनी बेटी को और सास अपनी बहू को इस पर्व की विधि-विधान और परंपराओं से परिचित कराती हैं। यही वजह है कि समय बदलने के बावजूद छठ की आस्था और परंपराओं में निरंतरता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि छठ ऐसा अनूठा पर्व है, जिसमें परिवार और समाज के लोग एक साथ जुड़ते हैं। इसकी परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करती हैं। विदेशों में भी गूंज रहे छठ के गीत डीएम ने कहा कि आज खगड़िया और बिहार के प्रवासी भाई-बहन कनाडा, इंग्लैंड सहित दुनिया के कई देशों में छठ महापर्व मना रहे हैं। विदेशों में भी लोग पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना कर अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं। यह गर्व की बात है कि छठ की आस्था अब देश की सीमाओं से आगे निकलकर पूरी दुनिया में पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि प्रवासी बिहारियों के माध्यम से हमारी संस्कृति और परंपराएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच रही हैं। शारदा सिन्हा के गीतों को दुनिया तक पहुंचाने की अपील कलाकारों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी संस्कृति को आगे बढ़ाने में कला और कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। गुजरात का डांडिया हो या यूरोप-अमेरिका की सांस्कृतिक परंपराएं, कलाकारों के माध्यम से ही ये दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंची हैं। इसी तरह छठ महापर्व और स्वर कोकिला शारदा सिन्हा के पारंपरिक छठ गीतों की गूंज भी दुनिया के हर कोने तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कलाकारों से लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की अपील की। कहा कि लोकगीत और संगीत हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन्हें सहेजना और आगे बढ़ाना जरूरी है। भास्कर महोत्सव के माध्यम से लोक संस्कृति को मंच देने और छठ की परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
Source link
खगड़िया राजेंद्र सरोवर में जिला प्रशासन ने कराया भव्य आयोजन:डीएम बोले- मां से बेटी और सास से बहू तक पहुंच रही छठ की परंपरा
