Headlines

बेगूसराय के रास्ते चलेगी एक और नई एक्सप्रेस ट्रेन:कोसी-इंटरसिटी एक्स. में भीड़ को देखते हो रही तैयारी, रेलवे बोर्ड से अप्रूवल का इंतजार




बेगूसराय और कोसी-सीमांचल क्षेत्र से पटना जाने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। कोसी एक्सप्रेस, राज्यरानी एक्सप्रेस और इंटरसिटी एक्सप्रेस में भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दानापुर के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की तैयारी की है। पूर्व मध्य रेलवे (ECR) हाजीपुर मुख्यालय की ओर से सहरसा और दानापुर के बीच एक नई त्रि-साप्ताहिक (सप्ताह में तीन दिन) एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार कर रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली को भेज दिया गया है। नई ट्रेन का रूट बेगूसराय, बरौनी, शाहपुर पटोरी और पाटलिपुत्र होते हुए तय किया गया है। 224 किलोमीटर की दूरी 32 से 34 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत गति से तय करने वाली इस ट्रेन के लिए एक रैक की आवश्यकता होगी। पूर्व मध्य रेलवे ने नई ट्रेन के परिचालन को लेकर संभावित टाइम टेबल और अन्य तकनीकी पहलुओं की रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेज दी है। अब रेलवे बोर्ड से अप्रूवल मिलते ही इस नई एक्सप्रेस ट्रेन का आधिकारिक उद्घाटन कर दिया जाएगा। क्या होगा नई ट्रेन का रूट और समय रेलवे की ओर से जारी ड्राफ्ट शेड्यूल के मुताबिक यह ट्रेन दानापुर से सहरसा के बीच चलेगी। जिसका अप और डाउन दोनों ओर मुख्य ठहराव पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया और मानसी स्टेशनों पर होगा। सहरसा से यह ट्रेन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को सुबह 07:30 बजे खुलेगी। बेगूसराय के यात्रियों के लिए यह ट्रेन सटीक समय पर मिलेगी। यह ट्रेन सुबह 10:08 बजे बेगूसराय स्टेशन पहुंचेगी और 10:10 बजे यहां से खुलकर दोपहर 01:50 बजे पाटलिपुत्र और 02:25 बजे दानापुर पहुंचेगी। जो दिन के समय पटना में अपना काम निपटाना चाहते हैं, उनके लिए सुविधा है।
दानापुर से रात में खुलेगी सहरसा के लिए वापसी में यह ट्रेन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को दानापुर से रात 11:30 बजे खुलेगी। यह रात 11:45 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी और वहां से खुलकर देर रात 03:08 बजे बेगूसराय और सुबह 06:00 बजे सहरसा पहुंचेगी। देर रात पटना से लौटने वालों के लिए यह एक शानदार विकल्प होगी, क्योंकि रात 11 बजे के बाद इस रूट पर ट्रेनों का भारी अभाव था। वर्तमान में सहरसा-पूर्णिया-खगड़िया रूट से होते हुए बेगूसराय के रास्ते पटना जाने के लिए मुख्य रूप से राज्यरानी एक्सप्रेस, कोसी एक्सप्रेस और इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेनों का ही विकल्प है। खासकर सुबह के समय पटना जाने वाली ट्रेन में बेगूसराय आते-आते पैर रखने तक की जगह नहीं बचती है। जनरल से लेकर स्लीपर बोगियों तक में यात्रियों को भारी परेशानी से यात्रा करनी होती है।
जनप्रतिनिधि भी लगातार कर रहे थे मांग पूर्व मध्य रेलवे के डिप्टी सीओएम (कोचिंग) की ओर से रेलवे बोर्ड के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कोचिंग) को भेजे गए प्रस्ताव में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि जनप्रतिनिधियों की ओर से लगातार रात 11 बजे के बाद दानापुर से सहरसा के लिए एक नई एक्सप्रेस ट्रेन की मांग की जा रही थी। इसी मांग को पूरा करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *