![]()
नवादा में डैम निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। नारदीगंज प्रखंड के मधुबन-मोतनाजे गांव के किसान सोमवार को मुआवजे की मांग को लेकर जिला पदाधिकारी कार्यालय का घेराव और धरना-प्रदर्शन करने पहुंचे थे। हालांकि, प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह और पूर्व विधायक मोहम्मद कामरान समेत कई अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस सभी को अकबरपुर थाने ले गई। जमीन के बदले उचित मुआवजे की मांग किसानों का कहना है कि डैम निर्माण के लिए उनकी जमीन अधिग्रहित की जा रही है, लेकिन उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पहले भी संबंधित क्षेत्र के कई किसानों को जमीन के बदले मुआवजा नहीं मिला है। किसानों के मुताबिक, जमीन चले जाने से उनके सामने रोजी-रोटी और भविष्य का संकट खड़ा हो सकता है। उनकी मांग है कि सरकार और जिला प्रशासन पहले उचित मुआवजे की व्यवस्था करे, उसके बाद ही अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। किसानों का कहना है कि मुआवजा दिए बिना उन्हें जमीन से बेदखल नहीं किया जाना चाहिए। राजद नेताओं ने किया आंदोलन का समर्थन आंदोलन को वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र की राजद विधायक अनीता देवी के पति और राजद नेता अशोक महतो ने भी समर्थन दिया है। वहीं, बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह किसानों के समर्थन में मौके पर पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने सांसद सुधाकर सिंह, पूर्व विधायक मोहम्मद कामरान और अन्य प्रदर्शनकारियों को वाहनों में बैठाकर अकबरपुर थाने पहुंचाया। मौके पर पुलिस अधिकारियों ने सांसद से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस की कार्रवाई से डीएम कार्यालय का घेराव नहीं कर सके किसान किसान अपनी मांगों को लेकर डीएम कार्यालय का घेराव करना चाहते थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के कारण वे आगे नहीं बढ़ सके। इस कार्रवाई के बाद जमीन अधिग्रहण और मुआवजे का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है। फिलहाल, किसानों में जमीन के बदले उचित मुआवजा नहीं मिलने को लेकर नाराजगी है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और सरकार किसानों की मांगों पर क्या कदम उठाते हैं।
Source link
नवादा में सांसद सुधाकर सिंह हिरासत में लिए गए:डैम के लिए जमीन अधिग्रहण का विरोध करने पहुंचे थे; मुआवजे की मांग पर किसानों का प्रदर्शन
