Headlines

पुलिस जांच का डर दिखाकर सोने का कंगन ठगा:मुजफ्फरपुर में खुद को पुलिस बता महिला को बनाया शिकार, लिफाफे में कंकड़ थमा हुए फरार




मुजफ्फरपुर में पुलिस जांच का भय दिखाकर ठगी करने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। नगर थाना क्षेत्र के धोबियाटोला में बच्चे को स्कूल छोड़ने जा रही महिला को दो बाइक सवार बदमाशों ने बातों में उलझाकर सोने का कंगन ठग लिया। बदमाशों ने कंगन की जगह कागज के लिफाफे में चार कंकड़ रख दिए और फरार हो गए। एफआईआर दर्ज कर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। बच्चे को स्कूल छोड़ने निकली थी महिला पीड़िता बबीता कुमारी ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार सुबह करीब सात बजे अपने बच्चे को धोबियाटोला से अखाड़ाघाट स्थित एक निजी स्कूल छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। एक युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरा बिना हेलमेट के था। दोनों युवकों ने खुद को पुलिस से जुड़ा बताते हुए कहा कि शहर में महिलाओं को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस जांच चल रही है और महिलाओं को गहने पहनकर बाहर नहीं निकलना चाहिए। इसी बहाने उन्होंने महिला से हाथ में पहना सोने का कंगन उतारने को कहा। कंगन की जगह थमा दिया कंकड़ महिला के कंगन उतारने के बाद बदमाशों ने उसे कागज के लिफाफे में रखने का नाटक किया। इस दौरान वे लगातार बातचीत कर ध्यान भटकाते रहे। मौका मिलते ही उन्होंने कंगन निकाल लिया और उसी लिफाफे में चार कंकड़ रखकर हाथ में थमा दिए। इसके बाद दोनों बाइक से तेजी से फरार हो गए। कुछ दूरी आगे बढ़ने पर जब महिला ने लिफाफा खोला तो उसमें कंगन की जगह कंकड़ मिले। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। डायल-112 पर दी सूचना घटना के तुरंत बाद महिला ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस नगर थाना पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर दो अज्ञात उचक्कों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आसपास के घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। लोगों से सतर्क रहने की अपील पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर किसी भी अजनबी की बातों में न आएं। यदि कोई व्यक्ति पुलिस या किसी सरकारी अधिकारी का परिचय देकर गहने या अन्य कीमती सामान उतारने के लिए कहे तो उसकी बात पर भरोसा न करें और तुरंत नजदीकी थाना या डायल-112 पर सूचना दें। हाल के दिनों में इस तरह की ठगी की घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए पुलिस ने लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *