Headlines

बिहार में कर्मा पूजा के दौरान 16 लोग डूबे:इनमें 6 लापता, मुंगेर में महिला को बचाने का लाइव VIDEO आया




बिहार में राजधानी पटना समेत 3 अलग-अलग जिलों में कर्मा पूजा के दौरान नदी और तालाब में स्नान व विसर्जन के दौरान डूबने की घटनाएं सामने आईं। पटना के बाढ़ में गंगा में 11 लोग डूब गए, जिनमें 4 को बचा लिया गया, एक युवक की मौत हो गई, जबकि 6 लोग अब भी लापता हैं। जमुई में पोखर में नहाने के दौरान दो बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। बांका में तीन छात्राओं की जान चली गई। वहीं मुंगेर में गंगा में स्नान के दौरान पैर फिसलने से करीब 55 साल की महिला तेज धार में बह गईं, जिन्हें चार गोताखोरों ने समय रहते रेस्क्यू कर बचा लिया। पटना: गंगा में 11 लोग डूबे, एक की मौत; 6 लापता पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में कर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा में कुल 11 लोग डूब गए। इनमें 4 लोगों को बचा लिया गया, जबकि एक युवक की मौत हो गई और 6 लोग अब भी लापता हैं। बुधवार सुबह बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर कर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन करने आए तीन नाबालिग गंगा में डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने एक को बचा लिया, जबकि गुलाबबाग नया टोला निवासी पीयूष कुमार (10) और सुजीत कुमार (15) गंगा में डूब गए। पीयूष की मां पूजा देवी ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के बाद पीयूष का दोस्त उससे गंगा में स्नान करने के लिए कहने लगा था। इसके बाद सभी स्नान करने लगे और इसी दौरान तीनों डूबने लगे। जमुई: पोखर में डूबीं दो बच्चियां, दोनों की मौत जमुई के अमरथ गांव में कर्मा पर्व की खुशियों के बीच मंगलवार देर शाम हादसा हो गया। महादेव स्थान पोखर में नहाने के दौरान दो बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान सतीश महतो की 15 साल की बेटी रानी कुमारी और बिजली महतो की 16 साल की बेटी चांदनी कुमारी के रूप में हुई। परिवार के लोगों के अनुसार, कर्मा पर्व को लेकर गांव की कई बच्चियां पोखर में नहाने गई थीं। इसी दौरान रानी और चांदनी पोखर के गहरे हिस्से में चली गईं। दोनों को डूबता देख अन्य बच्चियों ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला और परिजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। बांका: एक को बचाने गईं 2 छात्राएं भी डूबीं, तीनों की मौत बांका के शंभूगंज थाना क्षेत्र के शंभूगंज ग्राम पंचायत कसबा में करमा-धरमा पर्व के दौरान दीघा तालाब में स्नान करने गईं तीन छात्राओं की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में हीरा तांती की बेटी पुष्पा कुमारी, संजीव उर्फ कट्कुन तांती की बेटी मौसम कुमारी और मन्नू तांती की बेटी सीमा कुमारी शामिल हैं। तीनों गांव के मध्य विद्यालय में सातवीं कक्षा में पढ़ती थीं। मंगलवार शाम करीब एक दर्जन सहेलियां पर्व की परंपरा के अनुसार तालाब में स्नान करने पहुंची थीं। इसी दौरान मौसम कुमारी तालाब में बनी गहरी खाई में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए पुष्पा और सीमा पानी में आगे बढ़ीं, लेकिन दोनों भी गहरे पानी में चली गईं। तीनों को डूबता देख साथ गई बच्चियों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर तीनों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मुंगेर: गंगा की तेज धार में बह गई महिला, 4 गोताखोरों ने बचाया मुंगेर के बबुआ घाट पर गंगा स्नान के दौरान पैर फिसलने से करीब 55 वर्षीय निर्मला देवी गहरे पानी में चली गईं। बड़ी बाजार निवासी निर्मला देवी तेज धार में बहते हुए कष्टहरणी गंगा घाट के समीप नदी की बीच धार तक पहुंच गईं और डूबने लगीं। महिला को डूबता देख घाट पर तैनात गोताखोर शंभू यादव, आनंद राज, सौरभ कुमार और विशाल कुमार तुरंत गंगा में उतर गए। चारों गोताखोरों ने तेज धार के बीच पहुंचकर महिला को पकड़ा और काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद 112 पुलिस की मदद से उन्हें सदर अस्पताल भेजा गया। इलाज के बाद महिला को परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। जिला आपदा पदाधिकारी कमल किशोर ने महिला की जान बचाने वाले गोताखोरों की तत्परता और साहस की सराहना की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *