![]()
औरंगाबाद जिले में गुरुवार से ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। समाहरणालय स्थित योजना भवन सभागार में विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान अभियान के सफल क्रियान्वयन और ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह ने बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक अभियान संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि अभियान को पंचायत स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों, जीविका दीदियों, विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कचरे के ढेर से पर्यटन स्थलों तक होगी विशेष सफाई अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों में कई तरह की स्वच्छता और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कचरे के ढेर वाले स्थलों को चिह्नित कर वहां विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ स्कूली बच्चों के बीच स्वच्छता पाठशाला आयोजित की जाएगी। सफाई मित्रों के लिए सफाई मित्र सुरक्षा शिविर लगाने की भी योजना है। इसके अलावा जिले के पर्यटन स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में ‘स्वच्छता से समृद्धि’ से जुड़ी गतिविधियों पर भी जोर रहेगा। इसके माध्यम से स्वच्छता को आजीविका और सामुदायिक विकास से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित कार्यक्रमों का ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ें। स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की अपील विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छता प्रत्येक व्यक्ति के जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। स्वच्छ वातावरण का निर्माण केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ राष्ट्रव्यापी अभियान है, जिसे जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है। उन्होंने आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सभी संबंधित विभागों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। बैठक में स्वच्छता गतिविधियों के संचालन, पंचायत स्तर पर समन्वय और जनभागीदारी बढ़ाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
Source link
औरंगाबाद में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ:17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा कैंपेन, ग्राम पंचायत स्तर तक जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
