![]()
समस्तीपुर के लोजपा (रामविलास) नेता, सिनेमा हॉल कारोबारी और प्रॉपर्टी डीलर रोहित कुमार उर्फ अंटू इस्सर को राज्य एसटीएफ की टीम ने मंगलवार देर शाम बहादुरपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। करीब दो घंटे तक उनके घर में छापेमारी करने के बाद एसटीएफ की टीम उन्हें अपने साथ ले गई। बताया गया है कि पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोगों ने अंटू इस्सर को एक कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया था। एसटीएफ की टीम ने घर के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी ली, लेकिन उनका पता नहीं चला। शक होने पर पुलिस ने उक्त कमरे का ताला तोड़ा। तलाशी के दौरान अंटू इस्सर बेड के पीछे छिपे मिले। गिरफ्तारी की सूचना के बाद उनके घर के सामने बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। अंटू इस्सर की गिरफ्तारी की तीन तस्वीरें हत्या के मामले में हुई है लोजपा (रामविलास) के नेता की गिरफ्तारी दरअसल, 17 फरवरी 2026 की शाम अंटू इस्सर अपने सहयोगी के साथ कार से घर जा रहे थे। इसी दौरान कार और बाइक से पहुंचे बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस हमले में अंटू इस्सर बाल-बाल बच गए थे, जबकि उनके चालक व सहयोगी शुभम कुमार उर्फ ईशु के सीने के पास गोली लगी थी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। घटना के दो दिन बाद बदमाशों के भागने में इस्तेमाल की गई कार गंगा ब्रिज के पाया नंबर एक के पास लावारिस हालत में मिली थी। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसके अंदर एक युवक का शव मिला। गोली लगने से उसकी मौत हुई थी। बाद में शव की पहचान जहानाबाद जिले के हुलासगंज निवासी मुरारी शर्मा के पुत्र भानु कुमार के रूप में हुई। पुलिस की जांच में अंटू इस्सर की ओर से फायरिंग की हुई पुष्टि पुलिस के अनुसंधान में सामने आया कि 17 फरवरी को अंटू इस्सर पर हुए हमले के दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई थी। पुलिस के अनुसार, अंटू इस्सर की ओर से की गई फायरिंग में भानु कुमार को गोली लगी थी। इसके बाद हमलावर पक्ष के लोग घायल भानु को लेकर इधर-उधर इलाज कराने के लिए गए, लेकिन उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को कार में रखकर गंगा ब्रिज के पास कार छोड़कर सभी फरार हो गए। भानु की गोली लगने से मौत होने की जानकारी इस मामले में जहानाबाद के मुसहौली गांव से गिरफ्तार अभिषेक कुमार ने पुलिस को पूछताछ के दौरान दी थी। हमले के दौरान दोनों ओर से चली थी गोलियां पुलिस के अनुसंधान के दौरान यह बात सामने आई कि भानु कुमार की मौत अंटू इस्सर की ओर से की गई फायरिंग में चली गोली लगने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में अंटू इस्सर की गिरफ्तारी का आदेश जारी किया था। इसी आदेश के आधार पर मंगलवार को एसटीएफ ने उनके घर पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग मामले में चार से अधिक आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी बताया जाता है कि अंटू इस्सर की हत्या के लिए 10 लाख रुपए की सुपारी दिए जाने की बात भी अनुसंधान में सामने आई थी। इस मामले में पूर्व में जहानाबाद के अभिषेक कुमार समेत समस्तीपुर के चुसनी और मनिया सहित चार से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अनुसंधान के दौरान यह भी सामने आया था कि जितवारपुर के एक वार्ड पार्षद के लॉज में अंटू इस्सर की हत्या की साजिश रची गई थी। घटना के पीछे जमीन कारोबार में वर्चस्व और प्रतिद्वंद्विता की बात सामने आई थी। फायरिंग मामले में लोजपा युवा के शत्रुधन राय समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। शत्रुधन राय फिलहाल फरार चल रहे हैं।
Source link
समस्तीपुर- लोजपा (रामविलास) नेता को एसटीएफ ने किया अरेस्ट:2 घंटे तक छापेमारी चली, बेड के पीछे छिपे मिले अंटू इस्सर; हत्या मामले में हुई गिरफ्तारी
