![]()
मधेपुरा के पुरैनी थाना क्षेत्र के नरदह पंचायत के नया टोला में सोमवार शाम गोली मारकर हत्या किए गए विक्की मेहता (35) का शव पोस्टमार्टम के बाद देर रात करीब 11 बजे घर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उसकी भाभी और नरदह पंचायत की मुखिया रीता कुमारी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। शव देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घर पहुंच गए। घटना के बाद तनाव की आशंका को देखते हुए विक्की मेहता के घर और आसपास कई थानों की पुलिस तैनात रही। उदाकिशुनगंज एसडीपीओ पवन कुमार सिंह, सदर एसडीपीओ अजय कुमार समेत पुलिस पदाधिकारी और जवान स्थिति पर नजर बनाए रहे। मंगलवार सुबह करीब छह बजे आक्रोशित परिजनों ने घर के सामने सड़क जाम कर दिया। वे हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। करीब एक घंटे बाद एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने समझाकर जाम खत्म कराया। 5 नामजद और 8-10 अज्ञात पर FIR
परिजनों के फर्द बयान के आधार पर पांच नामजद और आठ से दस अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों में उदाकिशुनगंज के दुर्गा यादव, नीतीश राणा और शाकिब अयाज, पुरैनी के नरदह निवासी पूर्व पैक्स अध्यक्ष अमित लाल और दुहबी-सुहबी निवासी पूर्व मुखिया स्व. अनिल यादव के बेटे गुड्डू यादव शामिल हैं। गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी
थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और अनुसंधान आगे बढ़ने के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। विक्की पर अलग-अलग थानों में 24 से ज्यादा केस
पुलिस के अनुसार विक्की मेहता के खिलाफ पुरैनी थाना में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में 19 मामले दर्ज हैं। सिंहेश्वर थाना में डकैती समेत अन्य धाराओं में तीन, उदाकिशुनगंज थाना में दो और ग्वालपाड़ा व पूर्णिया जिले के रूपौली थाना में भी मामले दर्ज हैं। वह मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में भी शामिल रहा था। जून 2025 में उसने एक मामले में उदाकिशुनगंज कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। कुछ दिन बाद उसे जमानत मिल गई थी। पहले बॉडीगार्ड और साथी रहते थे, कुछ महीने से अकेले चल रहा था
ग्रामीणों के मुताबिक पहले विक्की के साथ दो बॉडीगार्ड और कई साथी रहते थे। कुछ महीनों से वह अकेले चल रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि वह अपराध की दुनिया छोड़कर सामान्य जीवन जीना चाहता था। सोमवार शाम भी वह अकेले स्कूल कैंपस में मनरेगा से बन रही बाउंड्री का काम देखने गया था। वहां से लौटने के दौरान उस पर हमला हुआ। 200 मीटर तक भागा, फिर घेरकर मारी गोलियां
ग्रामीणों के अनुसार हमलावर पहले से रेकी कर रहे थे। उन्होंने विक्की को घेरकर फायरिंग शुरू कर दी। बाइक गिरने के बाद उसने करीब 200 मीटर तक भागने की कोशिश की, लेकिन 8 से 10 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने उसे घेर लिया और गोलियां मार दीं। पुरानी रंजिश और पैक्स विवाद भी जांच में
पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और आपराधिक वर्चस्व के साथ पैक्स चुनाव से जुड़े विवाद को भी जांच के दायरे में रख रही है। परिजनों का कहना है कि उसके पिता चंदेश्वरी मेहता की पैक्स चुनाव में जीत के बाद रंजिश बढ़ी थी। चंदेश्वरी मेहता नरदह पैक्स के अध्यक्ष हैं। वहीं विक्की के बड़े भाई मुकेश कुमार की पत्नी रीता कुमारी नरदह पंचायत की मुखिया हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वजह का खुलासा नहीं किया है। एसडीपीओ बोले- जल्द होगा हत्याकांड का खुलासा
उदाकिशुनगंज एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि विक्की मेहता के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई केस दर्ज हैं। हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Source link
मधेपुरा- कुख्यात विक्की मेहता हत्याकांड में 15 पर FIR:RJD नेता मर्डर समेत 24 मामले में नाम; बड़े भाई ने दी मुखाग्नि
