Headlines

दरभंगा में पिस्टल दिखाकर स्कूटी सवार से चेन, कैश लूटी:दो बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, पीड़ित बोला- धमकाया, डर से दे दिया सबकुछ




दरभंगा में बिरौल थाना क्षेत्र में सुपौल-बेनीपुर सड़क पर सोमवार देर शाम पल्सर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने हथियार के बल पर स्कूटी सवार युवक से लूटपाट की। बदमाशों ने युवक की कनपटी पर पिस्टल सटाकर उसके गले से करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन और जेब में रखे एक हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना बिशनपुर-सिसौनी के बीच नट बाबा मोड़ के पास की है। वहीं, पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने हथियार दिखाकर धमकाया था, जिसके बाद मैं डर गया था, इसलिए सब कुछ उतारकर दे दिया। घटना के संबंध में कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के नदियामी गांव निवासी राधेश्याम सिंह के बेटे आदिल कुमार सिंह ने बिरौल थाने में लिखित शिकायत दी है। आवेदन के अनुसार, आदिल कुमार सिंह सोमवार की देर शाम स्कूटी से दरभंगा से अपने गांव नदियामी लौट रहे थे। इसी दौरान बिशनपुर-सिसौनी के बीच नट बाबा मोड़ के पास पीछे से पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने ओवरटेक कर स्कूटी सवार को रोका था बताया गया है कि बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी स्कूटी को रोक लिया। स्कूटी रुकते ही एक बदमाश ने हथियार निकालकर उनकी कनपटी पर पिस्टल सटा दी। इसके बाद बदमाशों ने उनके गले से करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन उतार ली। अपराधियों ने उनकी जेब में रखे एक हजार रुपये नकद भी ले लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से सुपौल बाजार की ओर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने बिरौल थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल सकती है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मामले में प्राथमिकी दर्ज किए जाने, अपराधियों की पहचान अथवा गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी। इस संबंध में बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि के सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *