![]()
मुजफ्फरपुर जिले के बोचहाँ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध की योजना बना रहे स्कार्पियो सवार तीन संदिग्धों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक लोडेड पिस्टल और चार कारतूस बरामद किए हैं। जिस स्कार्पियो में आरोपी सवार थे, उसे और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। यह मामला रविवार को मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन सड़क एनएच-27 पर मुरादपुर भरत के पास का है। बोचहाँ थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा को गुप्त सूचना मिली थी। उन्हें बताया गया था कि काले रंग की स्कार्पियो में सवार कुछ अपराधी हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने स्कार्पियो को रोका और उसमें सवार तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक लोडेड पिस्टल और चार कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने स्कार्पियो और चार मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को बोचहाँ थाना लाया गया, जहां उनसे शुरुआती पूछताछ की गई। इसके बाद मामले की जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक कान्तेश कुमार मिश्रा, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक और एसडीपीओ अलय वत्स को दी गई। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपियों से सघन पूछताछ शुरू की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहेबगंज थाना क्षेत्र के रौशन सिंह, काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के कलमबाग चौक निवासी मुकुंद प्रियम और रामपुरहरि थाना क्षेत्र के श्रीराम कुमार के रूप में हुई है। बोचहाँ थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए काले रंग की स्कार्पियो में हथियार के साथ घूम रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से एक पिस्टल और चार कारतूस बरामद हुए हैं। स्कार्पियो के साथ चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जब्त मोबाइल फोन के कॉल डिटेल व अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Source link
अपराध की साजिश रच रहे स्कार्पियो सवार 3 अपराधी गिरफ्तार:बोचहाँ पुलिस ने पिस्टल, 4 कारतूस, कार और 4 मोबाइल फोन जब्त किए
