![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की जानकारी देते हुए कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा के वरीय नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के जरिए सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को जनभागीदारी से जोड़ा जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर मुजफ्फरपुर के एक निजी होटल में मुजफ्फरपुर में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के वरीय नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद राधा मोहन सिंह पहुंचे थे। राधा मोहन सिंह ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से अभियान की शुरुआत होगी। इस दौरान उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और इस अवधि में देश की विकास यात्रा को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। अभियान बूथ, परिवार, पंचायत और जिला स्तर तक आयोजित किया जाएगा। बूथ और परिवार स्तर पर होगा दीप प्रज्वलन उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक बूथ और परिवार स्तर पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इसमें सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की भी सहभागिता होगी। ‘सेवा चित्र’ के तहत स्कूलों में विकसित भारत और 25 वर्षों की सेवा यात्रा पर ड्रॉइंग व भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनकल्याणकारी योजनाओं पर संगीत व नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के जरिए माताओं और बच्चों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की कहानियां सामने आएंगी राधा मोहन सिंह ने कहा कि ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के जरिए विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएंगी। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत गांव, जिला और राज्य स्तर पर जनभागीदारी यात्रा निकाली जाएगी। इसमें विकसित भारत-2047 का संकल्प भी लिया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को 25 सेवा गतिविधियों में से किसी एक में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वहीं ‘सेवा सेतु अभियान’ के जरिए सरकार की विभिन्न योजनाओं को एक स्थान पर लाकर लोगों को उनसे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। युवा, स्टार्टअप और इनोवेटर्स भी होंगे शामिल उन्होंने बताया कि युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्टार्टअप और इनोवेटर्स भी शामिल होंगे। ‘सेवा के रंग’ और ‘भारत मंडला’ के तहत रंगोली व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘जनसेवक महाकुंभ’ में पंचायत से संसद तक के जनप्रतिनिधियों की सहभागिता होगी। वहीं ‘25 साल, 25 कहानियां’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों और देश की विकास यात्रा के प्रमुख पड़ावों को प्रस्तुत किया जाएगा। वडनगर से काशी तक प्रस्तावित यात्रा राधा मोहन सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान ‘वडनगर-वाराणसी यात्रा’ भी प्रस्तावित है। इसके तहत पवित्र जल के साथ वडनगर से काशी और काशी से वडनगर तक यात्रा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को लोगों तक पहुंचाने के साथ सेवा और समर्पण की भावना को जनभागीदारी से जोड़ना तथा विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाना है।
Source link
17 सितंबर से BJP का ‘सेवा संकल्प’:मोदी के 25 साल के सफर को घर-घर पहुंचाएगी पार्टी, राधा मोहन सिंह बोले- सेवा से जुड़ेगा हर परिवार
