![]()
भागलपुर के गोपालपुर से जदयू के पूर्व विधायक गोपाल मंडल ने कांग्रेस में जाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मैंने मीडिया और सोशल मीडिया के सामने कांग्रेस में जाने की बात कही है, लेकिन अभी औपचारिक रूप से सदस्यता ग्रहण नहीं की है। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस में जाऊंगा और पार्टी के लीडर बनूंगा। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा है। दरअसल, गंगा में डूबकर अपने भतीजे की मौत की सूचना के बाद गोपाल मंडल गुरुवार को नवगछिया अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में ये बातें कही। उन्होंने इस दौरान भागलपुर में आई बाढ़ को लेकर बिहार सरकार पर निशाना भी साधा। बोले- गंगा मइया ने इज्जत बताई, नहीं तो कई बांध टूटने से स्थिति बिगड़ जाती गोपाल मंडल ने कहा कि राघोपुर से लेकर मदरौनी और तीनटंगा क्षेत्र तक बाढ़ और कटाव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस्माइलपुर क्षेत्र में बाढ़ से स्थिति पूरी तरह चौपट हो गई है। उन्होंने कहा कि अभी तक गंगा मैया ने लोगों की इज्जत बचा रखी है, नहीं तो सैदपुर की तरफ और अन्य स्थानों पर बांध टूटने के बाद स्थिति भयावह हो सकती थी। गोपाल मंडल ने राघोपुर क्षेत्र में हो रहे कटाव को लेकर कहा कि कटाव ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल के घर के पास हुआ है, जबकि निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र का विधानसभा क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि यदि बुलो मंडल सक्रिय रहते और इंजीनियरों को निर्देश देते तो पांच मिनट में काम सकता था। उन्होंने कहा कि कटाव वाले स्थान पर जियो बैग से करीब पांच फीट ऊंचा और पर्याप्त चौड़ा तटबंधनुमा सुरक्षा इंतजाम किया जाता तो कटाव को काफी हद तक रोका जा सकता था। गोपाल मंडल ने कहा कि सरकार को केवल मौके का निरीक्षण करने के बजाय स्थायी समाधान की दिशा में काम करना चाहिए। गोपाल मंडल ने ऊर्जा मंत्री के पूर्व में दिए गए बयान पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मंत्री का यह कहना कि सरकार स्थिति देख रही है और काम करा रही है, कोई ठोस जवाब नहीं है। जनता को यह बताया जाना चाहिए कि कटाव रोकने के लिए क्या स्थायी व्यवस्था की जा रही है। हादसे में लापता मजदूरों के परिजनों से नहीं मिले नेता राघोपुर में बाढ़ से बचाव कार्य के दौरान हुए नाव हादसे में मजदूरों के लापता होने को लेकर भी गोपाल मंडल ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की बात छोड़िए, स्थानीय विधायक तक लापता मजदूरों के परिजनों से मिलने नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि दो लोगों के गंगा में डूबने से उनके परिवारों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन अब तक मुआवजे के नाम पर कुछ नहीं मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के राघोपुर क्षेत्र में दौरे पर भी टिप्पणी की। कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट सस्ता हैं, उनको बुलाकर लोगों के सामने चेहरा दिखा देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। जरूरत इस बात की है कि बाढ़ और कटाव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत व मुआवजा दिया जाए। उर्जा मंत्री बुलो मंडल को लेकर बोले- वे अपने इलाके में एक्टिव नहीं हैं गोपाल मंडल ने बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में बुलों मंडल की सक्रियता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने उन्हें विरोध कर इलाके से भगा दिया है और वे क्षेत्र में सक्रिय नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल औपचारिक रूप से क्षेत्र में रहने से जनता की समस्या दूर नहीं होगी। गोपाल मंडल ने बुलो मंडल को नसीहत दी है कि जहां भी सड़कें टूटी-फूटी हैं, उन्हें दुरुस्त कराया जाए। इससे जनता खुश होगी और लोगों के बीच जनप्रतिनिधि की छवि बेहतर होगी।
Source link
जदयू के पूर्व विधायक गोपाल मंडल बोले- कांग्रेस नेता बनूंगा:बोले- उर्जा मंत्री बुलो मंडल को जनता ने खदेड़ा, उनमें सक्रियता नहीं है
