Headlines

नालंदा- डाक बम यात्रा से नहीं लौटा हरनौत का लड्डू:1 महीने से तलाश के लिए भटक रहा परिवार; साथ गए दोस्तों पर साजिश का आरोप




नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र अंतर्गत नियामतपुर मोहल्ला के रहने वाले ब्रज जमादार के 30 साल के बेटे लड्डू कुमार पिछले एक महीने से लापता हैं। लड्डू कुमार हरनौत बाजार में ठेले पर सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। 8 अगस्त को वह सावन में डाक बम यात्रा पर देवघर गए थे, जिसके बाद से वे घर नहीं लौटे हैं। 1 महीने से पति का कोई सुराग न मिलने पर परिवार में मातम और चीख-पुकार मची है। पत्नी सहजीरा देवी ने पति के साथ गए 11 अन्य सहयोगियों पर ही साजिश के तहत उन्हें लापता करने का गंभीर आरोप लगाया है। बख्तियारपुर में हुई थी आखिरी बात, सुल्तानगंज में जल भरते दिखा वीडियो लड्डू कुमार की पत्नी सहजीरा देवी ने बताया कि उनके पति 8 अगस्त की शाम करीब 4 बजे मुहल्ले के ही 11 सहयोगियों (राजीव, रामा, नितिश, बुधन, राजा, रामबाबू, बाल्मीकि, इंदल आदि) के साथ देवघर के लिए घर से निकले थे। उनके पास अपना मोबाइल नहीं था, लेकिन बख्तियारपुर पहुंचने पर शाम 5:30 बजे उन्होंने किसी अन्य नंबर से फोन कर बताया था कि वे मेला स्पेशल ट्रेन में बैठ गए हैं। इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हुआ। परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर 2:30 बजे सुल्तानगंज में गंगा किनारे जल भरने के दौरान का उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लड्डू भीड़ में सीटी बजाते हुए आगे बढ़ते दिख रहे हैं। मेला दंडाधिकारी सुल्तानगंज के प्रमाण पत्र के अनुसार, उन्हें 10 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक देवघर पहुंचना था, लेकिन वे वहां नहीं पहुंचे। पत्नी का आरोप- ‘साथियों ने गायब किया, पूछने पर देते हैं धमकी’ इस मामले में लड्डू की पत्नी और उनके ससुर प्यारे चौधरी ने साथ गए 11 साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी ने बताया कि सुल्तानगंज से देवघर जाने के दौरान साथ छूटने की कोई जानकारी उनके सहयोगियों ने नहीं दी। जब वे लोग वापस हरनौत आ गए, तब बताया कि लड्डू लापता हो गया है। पत्नी का आरोप है कि, जब हम उन सहयोगियों (राजीव, रामा आदि) के घर लड्डू के बारे में पूछने जाते हैं, तो वे डांट-फटकार कर भगा देते हैं और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। वे धमकी देते हैं कि ‘अब कुछ पूछने आएगी तो मारेंगे’। ससुर प्यारे चौधरी ने भी कहा कि साथी बस यही बताते हैं कि तीनमुहानी तक वह साथ था, उसके बाद लापता हो गया। ज्यादा पूछने पर वे लोग गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी देते हैं। दर-दर भटक रहा परिवार, थाने पर भी आवेदन न लेने का आरोप परिजनों ने सुल्तानगंज, जसीडीह, बासुकीनाथ, देवघर और रास्ते के सभी संभावित इलाकों में लड्डू की काफी खोजबीन की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। पत्नी का आरोप है कि हरनौत थाने की पुलिस ने उनका आवेदन तक नहीं लिया। हारकर पत्नी और ससुर ने पटना में वरीय अधिकारियों को आवेदन दिया और न्याय की गुहार लगाने तेलमर थाना परिसर स्थित एसडीपीओ (सदर-2) के कार्यालय भी गए। परिजनों ने सुल्तानगंज और बैद्यनाथ धाम थानों में भी आवेदन दिया है। चार छोटे बच्चे पूछते हैं- पापा कब आएंगे, कहां चले गए लड्डू कुमार पिछले 8 वर्षों से सावन में बाबा धाम की पूजा के लिए जा रहे थे, लेकिन इस बार उनका लापता होना परिवार पर कहर बनकर टूटा है। सब्जी बेचकर घर चलाने वाले लड्डू के गायब होने से परिवार के सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। उनके चार छोटे बच्चे हैं- हर्ष (8), पूजा (5), प्रीति (3) और अरविंद (1.5 साल)। बच्चे लगातार अपने पिता का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, इलाके में यह भी चर्चा है कि लड्डू कुमार नशे का आदी था, लेकिन परिजन फिलहाल किसी अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं और पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द उन्हें बरामद करने की गुहार लगा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *