![]()
समस्तीपुर के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को वाया नदी में डूबने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बढ़ौना वार्ड सात के रहने वाले 60 वर्षीय महेंद्र महतो के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक, महेंद्र महतो बुधवार को अपने घर से जलावन लेने निकले थे। सड़क किनारे वाया नदी के पास अचानक उनका पैर फिसल गया। वह नदी के गहरे पानी में जा गिरे। उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके और डूब गए। जब आसपास के लोगों की नजर महेंद्र महतो पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की। काफी कोशिश के बाद लोगों ने उन्हें नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पेशे से मजदूर थे महेंद्र महतो घटना की जानकारी विद्यापतिनगर थाना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया। मृतक के चचेरे भाई रजनीश कुमार ने बताया कि महेंद्र महतो मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करते थे। वह रोज की तरह जलावन लेने घर से निकले थे। दो बेटे और दो बेटियों के पिता थे महेंद्र महतो महेंद्र महतो के परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले महेंद्र की मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घटना की खबर मिलते ही परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। इस संबंध में विद्यापतिनगर थाना के प्रभारी थाना अध्यक्ष पंकज कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद आपदा के तहत मिलने वाली सहायता राशि के भुगतान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
Source link
समस्तीपुर- जलावन लेने गए मजदूर की नदी में डूबकर मौत:पैर फिसलने से हुआ हादसा, दो बेटों और दो बेटियों के पिता थे, पत्नी बोली- प्रशासन मदद करे
