Headlines

हाजीपुर में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे पप्पू यादव:परिवारों से मुलाकात कर परेशानियां सुनीं, राहत सामग्री कराई उपलब्ध




वैशाली के हाजीपुर में बाढ़ की मार झेल रहे लोगों के बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पहुंचे। उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां सुनीं और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंदों के बीच नकद आर्थिक सहायता भी बांटी। पप्पू यादव के पहुंचते ही बड़ी संख्या में बाढ़ प्रभावित लोग अपनी समस्याएं लेकर उनके पास पहुंचे। सांसद ने लोगों की बातों को गंभीरता से सुना और राहत कार्यों को लेकर स्थानीय लोगों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में बाढ़ पीड़ितों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए लगातार प्रयास जारी रहेगा। पीड़ितों के बीच राहत सामग्री कराई उपलब्ध सांसद ने बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई। इसके बाद वे सामुदायिक किचेन पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ बैठकर भोजन किया। पप्पू यादव का पीड़ितों के साथ जमीन पर बैठकर खाना खाना लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। इस दौरान उन्होंने परिवारों का हालचाल जाना और उनकी तकलीफों को करीब से समझने की कोशिश की। पप्पू यादव इन दिनों लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं। उनका कहना है कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाना सबसे जरूरी है। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से भी राहत कार्यों में तेजी लाने की अपील की। बाढ़ की मुश्किल घड़ी में आर्थिक सहायता के साथ लोगों के बीच पहुंचकर उनका दुख-दर्द बांटने की सांसद की पहल ने पीड़ित परिवारों को भावनात्मक संबल दिया। लोगों ने भी अपनी समस्याएं सांसद के सामने रखीं और मदद मिलने पर आभार जताया। सामुदायिक किचन में मिल रहे कच्चे खाने इस दौरान पप्पू यादव के सामने एक बाढ़ पीड़ित किशोरी ने सामुदायिक किचन में मिल रहे भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। किशोरी का आरोप है कि बाढ़ पीड़ितों के लिए बनाए जा रहे खाने में कई बार दाल-चावल कच्चे रह जाते हैं और जली हुई दाल भी परोसी जाती है। किशोरी ने कहा कि जब अधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचते हैं, तब सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त दिखाई जाती हैं, लेकिन अधिकारियों के जाते ही स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। वहीं, कुछ लोगों ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निरीक्षण के दौरान सामुदायिक किचन में व्यवस्थाएं बेहतर थीं, लेकिन उनके जाने के बाद फिर समस्याएं शुरू हो गई। किशोरी ने प्रशासन से मांग की कि बाढ़ पीड़ितों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन, अच्छे बिस्तर और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सामुदायिक किचन का पप्पू यादव ने लिया जायजा इसके बाद प्रशासन की ओर से संचालित सामुदायिक किचन का पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खाना बनाने वाले कारीगरों से बातचीत कर भोजन की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पप्पू यादव ने किचन में काम कर रहे कारीगरों का हाथ बंटाया। उन्होंने खुद बेलन थाम लिया और कारीगरों के साथ बैठकर पूरियां बेलते नजर आए। सांसद को इस तरह काम करते देख मौके पर मौजूद लोगों ने भी उनकी सराहना की। पप्पू यादव ने किचन की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और बाढ़ पीड़ितों को समय पर खाना उपलब्ध कराने को लेकर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाढ़ के संकट के बीच प्रभावित लोगों तक बेहतर राहत पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *