![]()
भोजपुर के सिकरहटा थाना क्षेत्र के देव बाजार एवं कुरमुरी गांव के बीच सोमवार की देर शाम हथियारबंद बदमाशों ने दुकान बंद कर वापस लौट रहे बाइक सवार आभूषण दुकानदार को गोली मार दी। जख्मी दुकानदार को गोली दाहिने साइड गर्दन में मारी गई है। इससे गंभीर रूप से जख्मी हो गया। तब डायल 112 नंबर पुलिस वाहन द्वारा उसे इलाज के लिए तरारी सीएचसी लाया गया। सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। देव बाजार में नंदनी ज्वेलर्स के नाम से है दुकान घायल ने बताया कि लूट की वारदात को अंजाम देने को लेकर गोली मारी गई है। घटना की सूचना मिलते ही सिकरहटा थानाध्यक्ष सनोज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए हैं। घायल की पहचान सिकरहटा थाना क्षेत्र के कुरमुरी गांव के रहने वाले शिव दयाल साह के बेटे 33 साल के भोला साह के रूप में हुई है। वे पेशे से आभूषण दुकानदार है और थाना क्षेत्र के देव बाजार पर अपना नन्दनी ज्वेलर्स नाम के आभूषण दुकान चलाते हैं। विरोध करने पर गर्दन में मारी गोली घायल भोला साह ने बताया कि रोजाना की तरह सोमवार शाम देव बाजार में अपने दुकान को बंद कर बैग में ज्वेलरी रखी और बाइक से घर लौटने लगा। इसी दौरान देव बाजार और कुरमुरी गांव के बीच बाइक सवार अपराधी वहां धमके। उन्होंने बाइक को रुकवाया और मुझसे ज्वेलरी से भरा बैग छीनने लगे। जब मैंने विरोध किया तो आरोपियों ने मुझ पर फायरिंग की। एक गोली मेरे गर्दन में लगी। घायल ने खुद फोन कर पहले परिजन फिर डायल 112 को सूचना दी गोली लगने के बाद खून से लथपथ हालत में पहले अपने परिजन, फिर डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 के मदद से घायल कारोबारी को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। इस संबंध में सिकरहटा थानाध्यक्ष सनोज कुमार ने बताया कि घायल आभूषण दुकानदार हैं और वह दुकान बंद कर वापस घर लौट रहे थे। इस बीच बदमाशों द्वारा उन्हें गोली मारी गई है। प्रथम दृष्टिया लूट की वारदात को अंजाम देने के कारण गोली मारा जाना प्रतीत होता है। हालांकि जांच की जा रही है। वहीं, ऑन ड्यूटी सर्जन डॉक्टर विकास ने बताया कि युवक के गर्दन में गोली लगी थी, जिसके कारण उसका काफी खून बह चुका है। इंटरनल डैमेज भी हुआ है। खून बहने से उसकी हालत काफी गंभीर बनी हुई है। ऑपरेशन करके गोली को निकाल लिया गया है।
Source link
भोजपुर में लूट के दौरान ज्वेलरी कारोबारी को मारी गोली:दुकान बंद कर लौट रहे थे, पीछा कर गर्दन में दागी बुलेट; गहनों से भरा बैग ले भागे
