![]()
‘मेरी बेटी ग्रेजुएशन की छात्रा थी, वो पढ़ाई करना चाहती थी। आरोपी तीन महिला पहले मेरे घर आया था और पिस्टल दिखाकर मेरी बेटी को भागकर अपने साथ ले गया था। मेरी बेटी की मर्जी के खिलाफ आरोपी ने उससे शादी की। अब दहेज के लिए तीन महीने बाद मेरी बेटी की आरोपी ने हत्या कर दी और सुसाइड की बात बता रहा है।’ मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र की बसंतपुर उत्तरी पंचायत के कोन्ही टोला में रहने वाली महिला ने ये बातें कही। दरअसल, महिला की बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में गुरुवार देर शाम लाश मिली। मृतका की पहचान 22 साल की छात्रा वर्षा कुमारी के रूप में हुई है। वर्षा की मां ने उसके ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका की मां पुष्पा देवी का आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि गुरुवार को बेटी की मौत की सूचना देने के साथ ही परिवार ने शव का चुपचाप अंतिम संस्कार करने की तैयारी शुरू कर दी थी। सूचना मिलने पर मायके वाले पुलिस के साथ पहुंचे और अंतिम संस्कार रुकवा दिया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां बोली- शुरुआत में सब ठीक था, इसलिए शिकायत नहीं की मृतका की मां ने बताया कि कोन्ही टोला के रहने वाले रामनाथ सहनी के तीसरे बेटे महेश सहनी ने मेरी बेटी से लव मैरिज की थी। उन्होंने कहा कि हालांकि हम दोनों की जाति एक नहीं थी, लेकिन बेटी की शादी के बाद मैंने सोचा कि जो हो गया, हो गया। शादी के शुरुआती दिनों में सबकुछ ठीक था, बेटी खुश भी थी। लेकिन करीब एक महीने बाद दहेज को लेकर महेश और उसके घरवालों ने मेरी बेटी को परेशान करना शुरू कर दिया। मृतका की मां बोली- दहेज नहीं देने पर हत्या की धमकी देते थे वर्षा की मां पुष्पा देवी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद महेश और उसके परिजन दहेज की मांग करने लगे थे। उन्होंने बताया कि बेटी से बातचीत भी सीमित कर दी गई थी। मां के अनुसार, जून में जब बेटी से बातचीत हुई थी तो उसने ससुराल में दहेज को लेकर हो रही परेशानी की बात बताई थी। पुष्पा देवी ने यह भी आरोप लगाया कि बेटी को पहले जबरन घर से ले जाकर शादी की गई और बाद में परिवार के लोगों की ओर से धमकी दी जाती रही। उन्होंने आरोप लगाया कि गुरुवार को मौत की सूचना देने के दौरान भी उन्हें धमकाया गया। ससुराल वालों ने बताया- फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश दूसरी ओर, ससुराल पक्ष का कहना है कि बुधवार दोपहर वर्षा ने फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय स्तर पर उसका इलाज कराया। हालत गंभीर होने पर उसे पटना के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई। अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच पहुंची पुलिस मायके वालों को जब वर्षा की मौत की जानकारी मिली तो उन्होंने सरैया थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और हत्या की आशंका जताई। इसी दौरान पुलिस को शव के अंतिम संस्कार की तैयारी किए जाने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। घटना के बाद पति महेश सहनी समेत ससुराल के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल की टीम को घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके से तकनीकी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस अब इन साक्ष्यों के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज सरैया थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम की जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतका के मायके वालों के आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है।
Source link
'पिस्टल दिखाकर ले गया, शादी की, अब बेटी लाश मिली':मुजफ्फरपुर में ग्रेजुएशन की छात्रा की मौत, मां बोली- दहेज के लिए आरोपी ने हत्या कर दी
