Headlines

Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos and More From Dainik Bhaskar


  • Hindi News
  • National
  • Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar

2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

जम्मू-कश्मीर के पीर पंजाल रेंज के ऊपरी युसमार्ग इलाके में गुरुवार शाम सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है।

सुरक्षा बलों को यहां आतंकियों के होने की सूचना मिली थी। जब सर्चिंग की गई तो आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इस पर सुरक्षा बलों ने भी जवाबी गोलीबारी शुरू कर दी है।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

ओडिशा के बालासोर में प्रेमी और उसके दोस्तों ने नाबालिग छात्रा का रेप किया

ओडिशा के बालासोर जिले में नाबालिग कॉलेज छात्रा से उसके प्रेमी और दोस्तों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने गुरुवार, 3 सितंबर को यह जानकारी दी।

घटना बुधवार की है। छात्रा अपने प्रेमी के साथ बाहर गई थी। प्रेमी उसे एक सुनसान जगह ले गया, जहां उसके दोस्त पहले से मौजूद थे।

छात्रा ने पुलिस को बताया कि सुनसान जगह पर प्रेमी और उसके दोस्तों ने उसके साथ यौन हमला किया। इसके बाद वे उसे रात में एनएच-16 के पास तलानगर में छोड़कर भाग गए।

पुलिस की गश्ती टीम ने छात्रा को वहां से बचाया। मेडिकल जांच के बाद उसे उसके मामा के हवाले कर दिया गया।

दिल्ली के होटल में बॉयफ्रेंड ने युवती की हत्या की, वारदात के बाद आरोपी ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की

दिल्ली के एक होटल के कमरे में महिला की चाकू से गोदकर हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुरुवार को बताया, ‘महिला की हत्या उसके बॉयफ्रेंड ने की। वारदात के बाद आरोपी ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’

पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजस्थान का रहने वाला है, जबकि महिला बिहार की रहने वाली थी। दोनों बुधवार शाम लाहौरी गेट स्थित होटल प्रिंस में पहुंचे और कमरा लिया था।

रात में आरोपी ने कथित तौर पर महिला पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी ने जहर खा लिया।

सुबह होटल स्टाफ ने कमरे में महिला को खून से लथपथ हालत में पाया। पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। वहीं, आरोपी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

कुमाऊं यूनिवर्सिटी, नैनीताल के नए कुलपति बने सतपाल सिंह बिष्ट

सतपाल सिंह बिष्ट को गुरुवार को नैनीताल की कुमाऊं यूनिवर्सिटी का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। यह जानकारी एक प्रेस रिलीज में दी गई।

सतपाल सिंह बिष्ट का कार्यकाल पद संभालने की तारीख से तीन साल का होगा। हालांकि, अगले आदेश तक पद पर रहने की स्थिति में जो पहले होगा, उसी के आधार पर कार्यकाल तय होगा।

बिष्ट के पास शिक्षण और शोध का 30 साल से ज्यादा का अनुभव है। वे इस समय अल्मोड़ा की सोबन सिंह जीना यूनिवर्सिटी के कुलपति के तौर पर काम कर रहे हैं।

तेलंगाना CM ने वन मंत्री कोंडा सुरेखा को हटाया, राज्यपाल से सिफारिश की

तेलंगाना के CM ए रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को अपनी कैबिनेट की सहयोगी कोंडा सुरेखा को तत्काल प्रभाव से मंत्रिपरिषद से हटाने का फैसला किया। इस संबंध में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से सिफारिश की गई है। राज्य की वन और बंदोबस्ती मंत्री सुरेखा उस समय विवादों में घिर गईं जब उनकी बेटी ने CM और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ तीखी टिप्पणी की, जिस पर सत्ताधारी पार्टी के विधायकों और पदाधिकारियों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

सुरेखा को हटाने का निर्णय राज्य कांग्रेस की अनुशासनात्मक समिति ने लिया था।

दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को जमानत, दिल्ली जल बोर्ड घोटाला मामले में कोर्ट ने 2 लाख का निजी बॉन्ड भरने को कहा

दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने गुरुवार को दिल्ली जल बोर्ड घोटाला मामले में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को जमानत दे दी। कोर्ट ने सत्येंद्र जैन को दो जमानतदारों के साथ 2 लाख रुपए का निजी बेल बॉन्ड भरने का निर्देश दिया।

दिल्ली के नरेला में जिम के बाहर प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या

दिल्ली के नरेला में गुरुवार सुबह जिम के बाहर अज्ञात हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह करीब 7 बजे हुई। हमलावरों ने प्रमोद पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।

दिल्ली में छेड़छाड़ का विरोध करने पर नाबालिग से मारपीट, मां और 80 साल की दादी पर भी हमला

दिल्ली के रोहिणी जिले में 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा पर उसके घर के पास रहने वाले तीन लड़कों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। लड़की ने आरोपियों की छेड़छाड़ की कोशिश का विरोध किया था, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई।

लड़की को बचाने के लिए उसकी 45 साल की मां और 80 साल की दादी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। घटना में परिवार के तीनों सदस्य घायल हुए।

उन्हें अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। दिल्ली पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ED ने कोलकाता में बैंक फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग केस में 11 ठिकानों पर छापेमारी की

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को 290 करोड़ रुपए के बैंक फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कोलकाता में 11 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कोहिनूर पावर प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ चल रही जांच के तहत की गई है। ED की अब तक की जांच में सामने आया है कि कोहिनूर पावर प्राइवेट लिमिटेड ने झारखंड में 66 मेगावाट के पावर प्लांट के लिए बैंकों से लोन लिया था। आरोप है कि कंपनी ने लोन की रकम का इस्तेमाल पावर प्लांट के लिए करने के बजाय समूह की दूसरी कंपनियों और निजी जरूरतों में ट्रांसफर कर दिया।

4 सितंबर को GSLV-F17 से लॉन्च होगा EOS-05, जियोसिंक्रोनस ऑर्बिट से तस्वीरें लेने वाला पहला भारतीय सैटेलाइट

ISRO 4 सितंबर को GSLV-F17 रॉकेट से EOS-05 सैटेलाइट लॉन्च करेगा। इसे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से भेजा जाएगा। GSLV-F17, GSLV रॉकेट की 19वीं उड़ान होगी। रॉकेट EOS-05 को एक खास ऑर्बिट में पहुंचाएगा, जहां से यह आगे अपनी तय ऑर्बिट तक जाएगा।

EOS-05 एक पृथ्वी की निगरानी करने वाला सैटेलाइट है। ISRO के मुताबिक, यह जियोसिंक्रोनस ऑर्बिट से तस्वीरें लेने वाला भारत का पहला इमेजिंग सैटेलाइट है। इससे पृथ्वी की तस्वीरें और दूसरी जरूरी जानकारी जुटाई जा सकेगी।

PM मोदी की फोटो हटाने के मामले में MNS कार्यकर्ता गिरफ्तार, राज ठाकरे के बेटे समेत 25 पर केस

मुंबई में PM मोदी की फोटो हटाने के मामले में MNS कार्यकर्ता आशीष साबले को चतुरशृंगी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

इस मामले में मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बेटे अमित समेत 25 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और साबले भी आरोपियों में शामिल हैं।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पूर्व IAS को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया, बाद में छोड़ा

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बुधवार को पूर्व नौकरशाह आशीष जोशी को उनकी सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े मामले में हिरासत में लेकर कई घंटे पूछताछ की। 1992 बैच के अधिकारी जोशी को सुबह नेहरू पार्क में टहलने के दौरान सादे कपड़ों में आए दो पुलिसकर्मी अपने साथ ले गए थे। बाद में पुलिस उन्हें उनके घर छोड़ गई।

पुलिस ने अभी यह नहीं बताया है कि किस मामले में और किस ऑनलाइन पोस्ट को लेकर उनसे पूछताछ की गई। जोशी हाल में सोशल मीडिया पर जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई, GDP के आंकड़ों और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को लेकर पोस्ट कर रहे थे। उनकी हिरासत को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल भी उठे थे।

कर्नाटक के बागलकोट में स्कूल की छत गिरी, 6 छात्र घायल

कर्नाटक के बागलकोट में बुधवार को क्लास चलने के दौरान सरकारी स्कूल की कंक्रीट छत का एक हिस्सा गिर गया। हादसे में छह छात्र घायल हुए हैं। सभी को मामूली चोटें आई हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक सभी छात्र सुरक्षित हैं।

हादसे के बाद पंचायत राज इंजीनियरिंग विभाग को स्कूल की क्षतिग्रस्त इमारत की तुरंत मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। बच्चों के माता-पिता ने पहले भी स्कूल की जर्जर हालत को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने स्थायी मरम्मत और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।

मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने पानी पीने पर सहमति जताई, अनशन खत्म करने से इनकार

मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने बुधवार को पानी पीने और सलाइन लेने की सहमति दे दी, लेकिन अपना अनिश्चितकालीन अनशन खत्म करने से इनकार कर दिया। बीजेपी विधायक प्रसाद लाड ने सरकार की ओर से उनसे मुलाकात की, जिसके बाद जरांगे ने इलाज कराने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक अनशन जारी रहेगा।

जरांगे 29 अगस्त से महाराष्ट्र के जालना में मराठा आरक्षण और मराठाओं को कुनबी प्रमाणपत्र देने समेत कई मांगों को लेकर अनशन कर रहे हैं। डॉक्टरों ने उनकी बिगड़ती सेहत पर चिंता जताई है और ब्लड शुगर कम होने की जानकारी दी है। जरांगे ने कुनबी प्रमाणपत्र रद्द किए गए मराठाओं के प्रमाणपत्र बहाल करने की भी मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    OpenBuk Bharat (ओपनबुक भारत) आपका भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है। हम राष्ट्रीय, प्रादेशिक (बिहार), वाणिज्य, और मनोरंजन जगत की हर बड़ी खबर निष्पक्षता और सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।